STP टैंक में आखिर क्या हुआ? एक को बचाने उतरा गार्ड भी नहीं लौटा, जहरीली गैस से दो की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टैंक की सफाई के दौरान कर्मचारी बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए बिना सुरक्षा उपकरण टैंक में उतरे सुरक्षा गार्ड की भी जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई।

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर-150 की एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद से ही सोसाइटी में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिसके बाद दोनों को टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान शशिकांत शर्मा (40), निवासी करौली (राजस्थान), और आकाश (22), निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शशिकांत शर्मा एल्डिको सोसाइटी के एसटीपी टैंक की सफाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक टैंक के भीतर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए सोसाइटी का सुरक्षा गार्ड आकाश बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतर गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया।

रेस्क्यू टीम ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।  प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि एसटीपी टैंक के भीतर जहरीली गैस के कारण दोनों की जान गई। विस्तृत कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। 

यह भी पढ़ेंः यूपी के 1.28 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफाः अब 5 लाख तक कैशलेस इलाज, साथ में 3 करोड़ तक का बीमा

संबंधित समाचार