त्योहार से पहले खाद्य तेल बाजार में बड़ा उलटफेर! जानिए कौन-सा तेल हुआ सस्ता और किसके बढ़े दाम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लागत से कम कीमत पर बिकवाली के कारण सोयाबीन और पाम तेल में गिरावट दर्ज की गई, जबकि रक्षा बंधन और जन्माष्टमी से पहले बढ़ती मांग ने सरसों, मूंगफली और बिनौला तेल के भाव को सहारा दिया।

नई दिल्ली: बीते सप्ताह देश के तेल-तिलहन बाजार में मिलाजुला रुख देखने को मिला। आयातित खाद्य तेलों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि सरसों, मूंगफली और बिनौला तेल-तिलहन के दामों में हल्का सुधार देखने को मिला। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि एक ओर आयातित तेलों की लागत से कम कीमत पर बिकवाली जारी रही, वहीं दूसरी ओर आगामी त्योहारी सीजन की मांग ने घरेलू तेलों को मजबूती दी।

बाजार सूत्रों के अनुसार, आयातक लंबे समय से सोयाबीन और पाम-पामोलीन तेल को लागत से कम कीमत पर बेच रहे हैं। इसका मुख्य कारण नकदी की जरूरत और बैंकों के ऋण चक्र को बनाए रखना बताया जा रहा है। इसी वजह से सप्ताह के दौरान विशेष रूप से सोयाबीन तेल और पाम-पामोलीन तेल के भाव में गिरावट दर्ज की गई।

दूसरी ओर, रक्षा बंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों की तैयारियों के चलते मिठाई और नमकीन बनाने वाली कंपनियों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ती मांग का असर सरसों, मूंगफली और बिनौला तेल के बाजार पर दिखाई दिया, जिससे इनके दामों में सुधार आया।

सूत्रों ने बताया कि सोयाबीन प्रसंस्करण इकाइयां किसानों से कम कीमत पर खरीदारी करने के उद्देश्य से खरीद दरों में कटौती कर रही हैं। इसके चलते किसान कम दाम पर बिक्री से बच रहे हैं और बाजार में सोयाबीन की आवक सीमित हो रही है। हालांकि खरीद कीमतों में कमी का असर सोयाबीन तेल-तिलहन की कीमतों पर भी पड़ा।

प्रमुख बाजार भाव

-सरसों दाना 75 रुपये की बढ़त के साथ 8,150-8,175 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
-सरसों तेल दादरी 75 रुपये बढ़कर 16,625 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
-सरसों पक्की और कच्ची घानी तेल क्रमशः 2,705-2,805 रुपये और 2,705-2,855 रुपये प्रति 15 किलो टिन पर स्थिर रहे।
-सोयाबीन दाना 100 रुपये और सोयाबीन लूज 75 रुपये की गिरावट के साथ क्रमशः 7,450-7,500 रुपये और 7,325-7,400 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुए।
-दिल्ली सोयाबीन तेल 75 रुपये घटकर 15,750 रुपये प्रति क्विंटल, इंदौर सोयाबीन तेल 75 रुपये घटकर 15,600 रुपये और डीगम -सोयाबीन तेल 100 रुपये की गिरावट के साथ 12,250 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
-मूंगफली तिलहन 25 रुपये की तेजी के साथ 7,375-7,950 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंचा।
-गुजरात मूंगफली तेल 100 रुपये बढ़कर 17,100 रुपये प्रति क्विंटल और मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 15 रुपये बढ़कर 2,680-2,980 रुपये प्रति टिन पर बंद हुआ।
-सीपीओ तेल 50 रुपये की गिरावट के साथ 13,800 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
-पामोलीन दिल्ली 125 रुपये घटकर 15,700 रुपये प्रति क्विंटल तथा पामोलीन एक्स-कांडला 125 रुपये गिरकर 14,500 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
-बिनौला तेल 250 रुपये की तेजी के साथ 16,750 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

यह भी पढ़ेंः जयशंकर का वैश्विक मंच से बड़ा संदेश: 'दुनिया बेहद अशांत, भारत-आसियान को मिलकर बढ़ाना होगा सहयोग'

संबंधित समाचार