सिक्किम सुरंग हादसा: पीएम मोदी ने सीएम तमांग से की बात, मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली/गंगटोक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बातचीत कर नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग ढहने की घटना की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने हादसे में मारे गए मजदूरों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

हादसे में मृतकों के परिवार को 2 लाख का मुआवजा 

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि सिक्किम के नामची में निर्माणाधीन सुरंग ढहने से हुई मौतों से वह दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि 20 जुलाई को नामची जिले के समरडुंग क्षेत्र में एनएचपीसी (नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन) की तीस्ता चरण-6 जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग भूस्खलन के कारण ढह गई थी। हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे फोन पर बात कर घटना की स्थिति और जारी बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की चिंता और केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद के आश्वासन से सिक्किम के लोगों को इस मुश्किल समय में मजबूती मिली है।

तमांग ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा दल और स्थानीय लोग बचाव अभियान में लगातार जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य को मिल रहा सहयोग और समर्थन बेहद महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़ें : 
सिक्किम सुरंग हादसा: अमित शाह ने सीएम तमांग से की बात, केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा

संबंधित समाचार