सिक्किम सुरंग हादसा: अमित शाह ने सीएम तमांग से की बात, केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली/गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग में हुए भूस्खलन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने जारी राहत और बचाव अभियान का जायजा लेते हुए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के मुताबिक, शाह ने मुख्यमंत्री तमांग से समरडुंग क्षेत्र में हुए हादसे और सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।

गौरतलब है कि सोमवार दोपहर एनएचपीसी की तीस्ता चरण-6 जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में भूस्खलन के कारण बड़ा हादसा हुआ था। मलबा गिरने से सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया था, जिसके बाद अंदर काम कर रहे 27 श्रमिक फंस गए। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को बताया था कि हादसे में आठ श्रमिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, बचाव दल अब भी अन्य फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं।

गैस रिसाव से बचाव अभियान प्रभावित

अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के अंदर गैस मौजूद होने के कारण राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है। फंसे श्रमिकों तक पहुंचने की कोशिश के दौरान कई बचावकर्मियों को चक्कर आने की शिकायत हुई और कुछ कर्मी बेहोश भी हो गए। प्रशासन का मानना है कि यह गैस भूस्खलन से प्रभावित भूमिगत परतों या चट्टानी संरचनाओं से प्राकृतिक रूप से निकल रही हो सकती है। रेस्क्यू टीमों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य विशेषज्ञ दल शामिल हैं, जो लगातार सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : 
Namchi Tunnel Landslide : सिक्किम में बड़ा हादसा, नामची जिले में सुरंग ढहने से 8 मजदूरों की मौत

संबंधित समाचार