Sultanpur News : जूते उतारकर कीचड़ में उतरे विधायक राजेश गौतम, बदहाल सड़क पर अधिकारियों को लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

निर्माण में देरी पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

सुलतानपुर, अमृत विचार। दोस्तपुर-कादीपुर (सरैया बाजार) मार्ग की बदहाली को लेकर मंगलवार को कादीपुर विधायक राजेश गौतम का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। जलभराव और कीचड़ से भरी सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने हालात देखकर अपने जूते उतार दिए और खुद कीचड़ में उतरकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक के इस कदम की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की और यह चर्चा का विषय बन गया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक से कहा कि क्षेत्र की जनता पिछले आठ वर्षों से इस जर्जर सड़क की समस्या झेल रही है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात कर कड़ी नाराजगी जताई और निर्माण में हो रही देरी पर जवाब मांगा।

विधायक ने जिलाधिकारी से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और निर्माण फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सड़क निर्माण शुरू न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह क्षेत्र की जनता के साथ सड़क पर धरना देंगे और काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में करीब 18.50 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क के निर्माण का टेंडर हुआ था, लेकिन आज तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। बरसात के मौसम में मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों, छात्रों और स्थानीय व्यापारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें : 
बांदा में पांच एसडीएम के कार्यक्षेत्र में बदलाव, जिलाधिकारी ने जारी किए नए आदेश

संबंधित समाचार