Bigg Boss 20 : नए अवतार में दिखी शो की आइकॉनिक 'आंख', जानिए कब होगा प्रीमियर
मुंबई। लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस हिंदी के ऐतिहासिक 20वें सीजन की पहली आधिकारिक झलक जारी कर दी गई है। शो के निर्माताओं ने सीजन 20 की शुरुआत से पहले बिग बॉस की पहचान मानी जाने वाली आइकॉनिक 'आंख' का नया रूप दर्शकों के सामने पेश किया है। बिग बॉस हिंदी का नया सीजन जल्द ही जियोहॉटस्टार और कलर्स पर प्रसारित किया जाएगा। निर्माताओं के मुताबिक, शो के 20 साल पूरे होने के मौके पर तैयार की गई नई 'आंख' बिग बॉस की पुरानी विरासत और आने वाले नए अध्याय का प्रतीक है।
https://twitter.com/JioHotstar/status/2079529185538982112?s=20
नई डिजाइन को घर के अंदर की दुनिया में प्रवेश कराने वाले एक पोर्टल के रूप में पेश किया गया है, जो शो में बनने वाले रिश्तों, भावनाओं, बदलते समीकरणों और अचानक आने वाले ट्विस्ट को दर्शाती है। निर्माताओं ने बताया कि नई 'आंख' का बहुआयामी स्वरूप बिग बॉस के घर में प्रतियोगियों के बीच बनने और बिगड़ने वाले रिश्तों तथा उनकी बदलती रणनीतियों को दिखाता है। वहीं, प्रीमियम मेटैलिक गोल्ड वर्डमार्क के साथ तैयार की गई यह नई पहचान शो के भव्य और सिनेमाई अंदाज को उजागर करती है।
बिग बॉस हिंदी सीजन 20 को लेकर निर्माताओं ने कहा कि इस बार घर के अंदर हर फैसला प्रतियोगियों की किस्मत बदल सकता है और हर मोड़ खेल की दिशा को प्रभावित कर सकता है। नई झलक जारी होने के साथ ही बिग बॉस हिंदी के 20वें सीजन की उलटी गिनती भी शुरू हो गई है। दर्शकों में अब शो के नए सीजन, प्रतियोगियों और नए ट्विस्ट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
