Ramayanam Trailer: 24 जुलाई को होगा ‘रामायणम्’ का ग्लोबल ट्रेलर प्रीमियर, दिल्ली से शुरू हुई फिल्म की विश्वव्यापी यात्रा
नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी ने ‘प्रथम संकल्प’ कार्यक्रम में फिल्म की पहली झलक पेश की। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल समेत स्टारकास्ट रही मौजूद।
नई दिल्ली। निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ ने अपनी वैश्विक यात्रा का औपचारिक आगाज कर दिया है। फिल्म के 24 जुलाई को होने वाले वैश्विक ट्रेलर प्रीमियर से पहले राजधानी दिल्ली में ‘प्रथम संकल्प’ नामक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म की पहली आधिकारिक झलक साझा की गई।
भारतीय परंपरा में ‘संकल्प’ किसी महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ निर्माताओं ने ‘रामायणम्’ को भारतीय संस्कृति और मूल्यों की विरासत के रूप में दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
'प्रथम संकल्प' समारोह में जुटी पूरी टीम
इस विशेष आयोजन में फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता एवं क्रिएटिव आर्किटेक्ट नमित मल्होत्रा और फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट शामिल हुई।
कार्यक्रम में अरुण गोविल (राजा दशरथ), शोभना (कैकेयी), अजिंक्य देव (महर्षि विश्वामित्र), कुणाल कपूर (देवराज इंद्र), रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) और रवि दुबे (लक्ष्मण) मौजूद रहे।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं सनी देओल, जो फिल्म में भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं, उनकी सरप्राइज एंट्री ने समारोह को और खास बना दिया।
24 जुलाई को रिलीज होगा आधिकारिक ट्रेलर
कार्यक्रम के दौरान फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर की एक विशेष झलक भी दिखाई गई। निर्माताओं ने घोषणा की कि 24 जुलाई को इसका वैश्विक ट्रेलर प्रीमियर किया जाएगा।
इस अवसर पर 'रामायण स्कूल्स प्रोग्राम' का भी उल्लेख किया गया, जिसके तहत देशभर के 500 से अधिक स्कूलों और लाखों विद्यार्थियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम के चुनिंदा विजेताओं को ‘प्रथम संकल्प’ समारोह में शामिल होने का अवसर भी मिला।
नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी ने क्या कहा?
निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि रामायण केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारतीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाना उनका लंबे समय से सपना रहा है और ‘रामायणम्’ उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि रामायण विश्व की सबसे प्रभावशाली कहानियों में से एक है। उन्होंने बताया कि पूरी टीम ने इस महाकाव्य को सम्मान, संवेदनशीलता और प्रामाणिकता के साथ बड़े पर्दे पर उतारने का प्रयास किया है।
दिवाली 2026 पर रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं के अनुसार ‘रामायणम्: पार्ट वन’ दिवाली 2026 के अवसर पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर 24 जुलाई को वैश्विक स्तर पर जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः Sonam Wangchuk News: संसद मार्च को वांगचुक ने बताया ‘दूसरा स्वतंत्रता आंदोलन’, समर्थकों से की बड़ी अपील
