Gonda News : गोंडा में पकड़ा गया 1.13 करोड़ की नकली और नशीली दवाओं का जखीरा, तीन गोदाम सील; एक आरोपी गिरफ्तार
गोंडा में एफएसडीए और पुलिस की तीन दिन की संयुक्त कार्रवाई में 1.13 करोड़ रुपये की नकली और नशीली दवाएं बरामद की गईं। तीन अवैध गोदाम सील कर दिए गए हैं। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
गोंडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.13 करोड़ रुपये मूल्य की नकली और नशीली दवाएं बरामद की हैं। तीन दिन तक चले अभियान में तीन अवैध गोदामों को सील किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
तीन दिन चला संयुक्त अभियान
मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने बताया कि लखनऊ स्थित एफएसडीए मुख्यालय से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 16 से 18 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नौ जिलों के औषधि निरीक्षकों और स्थानीय पुलिस ने बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव स्थित अवैध दवा गोदामों पर छापेमारी की।
पंजीकृत पते पर नहीं मिली दवा कंपनी
जांच टीम ने सबसे पहले गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर स्थित अमन फार्मास्युटिकल्स पर छापा मारा, लेकिन कंपनी अपने पंजीकृत पते पर संचालित नहीं मिली। इसके बाद टीम कंपनी के संचालक अमन कसौधन के घर पहुंची, जहां उसके भाई शिवम कसौधन ने कथित रूप से बिना वैध लाइसेंस के दवा कारोबार करने की बात स्वीकार की।पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अन्य अवैध गोदामों का भी पता लगाया।
बिल और लाइसेंस नहीं दिखा सके संचालक
छापेमारी के दौरान गोदाम संचालक दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े बिल, स्टॉक रजिस्टर या अन्य वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों गोदामों को सील कर दिया गया।
ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम और कोडीन सिरप बरामद
कार्रवाई के दौरान टीम ने ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम टैबलेट, कोडीन फॉस्फेट सिरप समेत बड़ी मात्रा में अन्य एलोपैथिक दवाएं बरामद कीं। जब्त दवाओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये आंकी गई है। एफएसडीए ने जांच के लिए 19 दवा नमूने राजकीय प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने शिवम कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन कसौधन फरार है। कोतवाली नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
