Shahjahanpur News : यूपी की बेटी का जम्मू-कश्मीर में निधन, राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में तैनात सीमा सुरक्षा बल की महिला जवान विनीता कुशवाहा का निधन हो गया है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र स्थित धिंयरई बरुआ गांव की रहने वाली थीं। विनीता के चचेरे भाई अरविंद के अनुसार, सीने में दर्द की शिकायत के बाद हृदयगति रुकने (हार्ट अटैक) से उनका निधन हुआ। रविवार को उनका पार्थिव शरीर राजौरी से उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय पुलिस मौजूद रही।

पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी विनीता हमेशा से होनहार थीं। उन्होंने जलालाबाद के प्रेम किशन खन्ना डिग्री कॉलेज से बीए की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हुए साल 2015 में उनका चयन बीएसएफ में कॉन्स्टेबल के पद पर हो गया था। विनीता अपने पीछे पति अजीत कुमार, छह साल की बेटी अंशिका और चार साल के बेटे अयांश को छोड़ गई हैं। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ राजौरी में ही रहते थे, जबकि पति अजीत समय-समय पर उनसे मिलने वहां जाया करते थे। जानकारी के मुताबिक, अजीत और विनीता ने साल 2018 में प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में परिवार इस शादी से नाराज था, लेकिन समय के साथ दोनों परिवारों के रिश्ते सामान्य हो गए थे।

मायके में हुआ अंतिम संस्कार
विनीता का अंतिम संस्कार उनके मायके (धिंयरई बरुआ गांव) में किया गया। इस दुखद मौके पर उनके ससुराल पक्ष के लोग भी मौजूद रहे। देश की सेवा करने वाली इस होनहार बेटी के अंतिम दर्शन के लिए इलाके के लोगों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

संबंधित समाचार