Bareilly News : बरेली एयरपोर्ट का होगा विस्तार, जमीन का अधिग्रहण पूरा
23.55 एकड़ जमीन अधिग्रहीत, एएआई टीम करेगी सर्वे
बरेली, अमृत विचार। बरेली एयरपोर्ट के विस्तार का काम जल्द शुरू किया जाएगा। एयरपोर्ट विस्तार के लिए 28.55 एकड़ अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था कर ली गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की टीम सर्वे करेगी। इसके बाद जिलाधिकारी के साथ बैठक कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विस्तार के बाद गोवा, सूरत, चेन्नई और अहमदाबाद समेत कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है।
बरेली एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया कि 23.55 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। फिलहाल इस जमीन की लीज का मसौदा तैयार किया जा रहा है। भारतीय वायुसेना की ओर से पांच एकड़ भूमि एयरपोर्ट अथॉरिटी को हस्तांतरित की जा चुकी है। एएआई की टीम जल्द सर्वे करेगी और जिलाधिकारी से औपचारिक वार्ता के बाद विस्तार कार्य शुरू किया जाएगा। विस्तार योजना के तहत पहले चरण में सात एयरबस की पार्किंग की सुविधा विकसित होगी। दूसरे चरण में इसे बढ़ाकर 10 एयरबस तक किया जाएगा। साथ ही टर्मिनल भवन का विस्तार कर उसका क्षेत्रफल करीब 15 हजार वर्गमीटर से बढ़ाकर 30 हजार वर्गमीटर किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बरेली एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई फ्लाइट में 63 यात्री गए, जबकि 74 यात्री बरेली पहुंचे। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यात्रियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
