Raebareli News : 'विधायक का करीबी है' कहकर प्रधान पर जानलेवा हमला, फायरिंग से बचने को घर में छिपे; दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायबरेली के सलोन में ग्राम प्रधान पर कथित जानलेवा हमला और फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है।

सलोन/रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र में ग्राम प्रधान पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक से लौट रहे प्रधान को रास्ते में रोककर पहले बेरहमी से पीटा गया और बाद में उन पर तमंचे से फायरिंग की गई। हालांकि, प्रधान पास की एक दुकान में घुसकर दरवाजा बंद करने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई।

पुलिस ने इस मामले में सात नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम सभा रेवली के प्रधान राजकुमार अग्रहरि रविवार देर शाम किसी काम से बाइक से सलोन लौट रहे थे। आरोप है कि निमिषा स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे रिंकू पासी, सतीश पासी, मनीष पासी, विकेश, नीरज, सचिन, सुभाष और अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित प्रधान का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें विधायक का करीबी और भाजपा का बड़ा नेता बताकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर लोहे की रॉड, ईंट और अवैध असलहे की बट से हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर भागने पर आरोप है कि रिंकू पासी ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। गोली से बचने के लिए प्रधान पास की एक दुकान में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हमले में प्रधान के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर सात नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि देर रात दबिश देकर आरोपी सचिन और सतीश को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार