Amethi News : खारेथू के हिमांशु का बड़ा धमाका, UP T-20 में लखनऊ फाल्कन्स से खेलेंगे, 29 अगस्त को कानपुर में मुकाबला
अमेठी के खारेथू गांव के हिमांशु सिंह का चयन यूपी टी-20 लीग की लखनऊ फाल्तन टीम में हुआ है। तीन साल की उम्र से क्रिकेट का जुनून रखने वाले हिमांशु ने लखनऊ की क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण लिया और इकाना स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
अमेठी, अमृत विचार। जिस उम्र में बच्चे खेल को महज मनोरंजन के तौर पर लेते हैं, उसी उम्र में खारेथू गांव के हिमांशु सिंह ने क्रिकेट को अपना जुनून बना लिया था। महज तीन वर्ष की उम्र में दादा स्वर्गीय भारत सिंह के साथ मैदानों में मैच देखने जाने वाला यह बालक अब यूपी टी-20 लीग में अपनी प्रतिभा दिखाएगा।
हिमांशु का चयन लखनऊ फाल्तन टीम में हुआ है। खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। हिमांशु के चाचा राजेंद्र सिंह बैश ने बताया कि बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उसकी विशेष रुचि थी। पोते का उत्साह देखकर दादा ने उसे बैट और गेंद दिलाई। इसके बाद खेल के प्रति लगाव धीरे-धीरे जुनून में बदल गया। हिमांशु ने लखनऊ की क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपनी तकनीक और खेल को निखारा।
इकाना स्टेडियम में खेलते हुए उसके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। मुकाबले के दौरान लगाए गए शानदार छक्के की भी खूब चर्चा हुई। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद अब उसे यूपी टी-20 लीग में खेलने का अवसर मिला है। वह कप्तान भुवनेश्वर कुमार के नेतृत्व वाली लखनऊ फाल्तन टीम का हिस्सा होगा।
29 अगस्त को कानपुर में मुकाबला
हिमांशु के चयन से परिवार के साथ पूरे गांव में उत्साह है। ग्रामीण इसे अमेठी के लिए गौरव का पल मान रहे हैं। सभी की निगाहें 29 अगस्त को कानपुर स्टेडियम में होने वाले मुकाबले पर हैं। परिजनों को उम्मीद है कि हिमांशु अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करेगा। दादी माधुरी, मां कुसुम लता, चाचा राजेंद्र सिंह समेत अन्य परिजन और ग्रामीणों ने उसकी उपलब्धि पर खुशी जताई।
यह भी पढ़ें :- 50,000 छात्राओं को अक्टूबर-नवंबर में मिलेगी स्कूटी : रक्षाबंधन पर बेटियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
