Sultanpur News : फर्जी आईडी बनाकर कंटेंट क्रिएटर को बदनाम करने का आरोप, सुल्तानपुर की दो बहनों पर FIR
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो और फर्जी आईडी के जरिए बदनाम करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने दो बहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुलतानपुर, अमृत विचार। यूपी के सुलतानपुर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो, गंदे कमेंट और मीम के जरिए बदनाम करने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने दो बहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बता दें कि फीमेल कंटेंट क्रिएटर ने अपने ही साथी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने फर्जी आईडी बनाकर अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक कंटेंट वायरल किया है। मामले में साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साथी क्रिएटर पर लगाए गंभीर आरोप
धनपतगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कंटेंट क्रिएटर ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि हथियानाला निवासी मोनिका निषाद और सोनिका निषाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट अपलोड कर रही हैं। आरोप है कि दोनों ने उनके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी भी बनाई और उस पर आपत्तिजनक वीडियो, पोस्ट व स्टोरी साझा कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया।
महिला कंटेंट क्रिएटर का कहना है कि आरोपितों के सोशल मीडिया अकाउंट पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं, जिससे कथित आपत्तिजनक सामग्री तेजी से प्रसारित हो रही है। इससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। तहरीर में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सामाजिक बदनामी के कारण ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया।
साइबर क्राइम सेल और थाने में दर्ज कराया था मामला
महिला कंटेंट क्रिएटर के मुताबिक उन्होंने 29 जुलाई को साइबर क्राइम सेल और चार अगस्त को धनपतगंज थाने में शिकायत की थी। कार्रवाई न होने पर एसपी से शिकायत की गई। अब साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
