कानपुर में अनोखा विरोध : 4 साल से खोदी जूही-हमीरपुर रोड बनी ‘नरक’,नाराज महिलाएं ने लोटे से मेट्रो बोर्ड का किया जलाभिषेक, कहा- अब तो सड़क बनाओ!
पार्षद के नेतृत्व में महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन, दो लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने का दावा
कानपुर की जूही-हमीरपुर रोड चार साल से मेट्रो निर्माण के चलते बदहाल है। सड़क पर लगातार हादसों का आरोप लगाते हुए पार्षद के नेतृत्व में महिलाओं ने मेट्रो के प्रतीकात्मक बोर्ड का जलाभिषेक कर प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण के साथ यूटिलिटी डायवर्जन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में मेट्रो के काम के चलते पिछले चार साल से खोदी गई जूही-हमीरपुर रोड अब राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बदहाल सड़क पर आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। जिसके चलते लोग में आक्रोश है। ऐसे में सड़क निर्माण की मांग को लेकर वार्ड 14 की पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने महिलाओं के साथ प्रदर्शन किया। महिलाओं ने लोटे में जल लेकर मेट्रो के प्रतीकात्मक बोर्ड पर जलाभिषेक किया और जल्द सड़क बनवाने की मांग उठाई।
पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने कहा कि मेट्रो के काम ने जूही-हमीरपुर रोड को नरक बना दिया है। पिछले चार वर्षों में सड़क पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग चुटहिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जलकल की लापरवाही से भी लोगों की परेशानी बढ़ी है। मेट्रो के काम के दौरान यूटिलिटी लाइनें सही तरीके से नहीं डाले जाने से घरों में दूषित पानी आने के साथ सीवर भराव की समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

यूटिलिटी डायवर्जन की जांच की मांग
पार्षद ने मुख्यमंत्री से जूही-हमीरपुर रोड से ट्रांसपोर्ट नगर तक मेट्रो के काम के दौरान किए गए सभी यूटिलिटी डायवर्जन की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सड़क की बदहाली और लगातार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताई और जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की। इस दौरान सौम्या वर्मा, पूनम, सुमन, शशिकला, लक्ष्मी यादव, शर्मिला, सीमा समेत तमाम महिलाएं मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें:-Sitapur News : गांधी प्रतिमा के पास गंदगी और अतिक्रमण से कांग्रेसियों में उबाल, तहसीलदार से की यह मांग
