Shravasti News: टीका लगने के 24 घंटे के भीतर मासूम की मौत, परिजनों ने जांच की उठाई मांग, जानिए क्या बोले CMO
सीएमओ बोले- टीके से मौत की बात से इनकार, जांच होगी
श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र में टीका लगने के करीब 24 घंटे बाद डेढ़ माह के मासूम की मौत हो गई। परिजनों ने टीकाकरण के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने का दावा करते हुए जांच की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग ने टीके से मौत की बात से इनकार करते हुए जांच की बात कही है।
इकौना (श्रावस्ती), अमृत विचार : इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर खादरा में डेढ़ माह के मासूम की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों का दावा है कि बुधवार को टीका लगवाने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी और 24 घंटे के भीतर उसकी मौत हो गई। इकौना के ग्राम लालपुर खादरा निवासी बृजलाल के डेढ़ माह के बेटे शिवा को बुधवार टीका लगाया गया था।

इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई परिजनों ने टीकाकरण के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने को उसकी मौत से जोड़ते हुए स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, टीकाकरण और बच्चे की मौत के बीच वास्तविक संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग की नजर, जांच के बाद साफ होगी वजह
उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की नजर मामले पर है। मामले में जांच के बाद ही मासूम की मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं सीएमओ डॉ एके सिंह ने टीका लगाने से बच्चे की मौत होने की बात से इनकार करते हुए जांच करने की बात की है।
