Bahraich News : विवाद के बाद मां ने बच्चों को खिलाया जहरीला पदार्थ, खुद भी खाया; गांव में हड़कंप
मोतीपुर के अड़गोड़वा गांव में घटना से मचा हड़कंप
बहराइच के मोतीपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर अपने चार और दो साल के बच्चों को जहरीला पदार्थ खिला दिया और खुद भी उसका सेवन कर लिया। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बहराइच, अमृत विचार: जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के अड़गोड़वा गांव में बुधवार दोपहर पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों को जहरीला पदार्थ खिला दिया और खुद भी उसका सेवन कर लिया। तीनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल मिहींपुरवा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में महिला और दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पति और सास-ससुर से विवाद के बाद उठाया कदम
जानकारी के अनुसार अड़गोड़वा गांव निवासी मुकेश की पत्नी शिल्पा (25) का बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर पति और सास-ससुर से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह नाराज हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शिल्पा ने घर में रखी चूहा मारने की दवा अपने चार वर्षीय बेटे यशराज और दो वर्षीय बेटी सौम्या को खिला दी और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया।
हालत बिगड़ी तो परिजनों के उड़े होश
तीनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने शिल्पा से पूछताछ की। इस दौरान जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए मिहींपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला और दोनों बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
जिला अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक फिलहाल महिला और दोनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और पारिवारिक विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है।
