Gonda News : पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, 12 लाख का सामान बरामद
वजीरगंज पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दो वारदातों का किया खुलासा
गोंडा की वजीरगंज पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 12 लाख रुपये का चोरी का सामान, बाइक, डीजे मशीन, साउंड मिक्सर, लाइट और पीतल-स्टील के बर्तन बरामद हुए हैं। एक आरोपी फरार है।
गोंडा, अमृत विचार: वजीरगंज पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, आठ डीजे मशीन, साउंड मिक्सर, एसआरपी लाइट और बड़ी मात्रा में पीतल-स्टील के बर्तन समेत करीब 12 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलभूषण पुत्र सत्यनारायण तिवारी निवासी गोडवाघाट, थाना कोतवाली नगर और छोटू सिंह उर्फ ओमप्रकाश सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी बानेपुर, थाना वजीरगंज के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर ऊंटघाट पुल से पहले जंगल के किनारे कुछ लोग चोरी का सामान लेकर बैठे हैं और उसे ले जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वजीरगंज पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया।

इस दौरान उनका साथी शिखर सिंह पुत्र जंगबहादुर सिंह निवासी धनेश्वरपुर, वजीरगंज मौके से भाग निकला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 11/12 अगस्त की रात उन्होंने शिखर सिंह के साथ मिलकर मुरावनपुरवा कोठा गांव में बंद मकान के पीछे के दरवाजे से घुसकर पीतल और स्टील के बर्तन चोरी किए थे। मकान मालिक शिवलाल मौर्या अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं।
डीजे की दुकान में सेंध काटकर उड़ाया सामान
इसके अलावा आरोपियों ने 9 अगस्त की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के बावरिया दुर्जनपुर स्थित डीजे की दुकान में पीछे से सेंध काटकर डीजे मशीन, साउंड मिक्सर और एसआरपी लाइट चोरी करने की बात भी कबूल की। चोरी का सामान जंगल में छिपाकर रखा गया था।
फैजाबाद से बाइक भी चोरी करने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने बरामद सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी कुछ दिन पहले फैजाबाद शहर से सड़क किनारे खड़ी अवस्था में चोरी करना बताया। दोनों आरोपी चोरी का सामान एक जगह एकत्र कर उसे बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी कुलभूषण पर 8 व छोटू पर 12 मुकदमे दर्ज हैं।
