Badaun News : एंटी करप्शन ने बदायूं में काश्तकार से 12 हजार की घूस लेते दो विद्युतकर्मी पकड़े
खेत पर ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर बदलने के एवज में मांगी गई थी रिश्वत
जरीफनगर के एक किसान के खेत पर लगे ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर फुंक गया था। सिंचाई में दिक्कत आ रही थी। बिजली विभाग से संपर्क किया तो किसान से 12 हजार रुपये घूस की मांग की गई। किसान सर्वेश ने एंटी करप्शन में शिकायत कर दी। टीम ने जाल बिछाकर दो कर्मचारियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
अमृत विचार : विद्युत विभाग में रिश्वतखोरी पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन टीम ने बदायूं में एक काश्तकार से 12,000 रुपये की घूस लेते दो विद्यतुकर्मियों को पकड़ा है। इसमें एक टीजी-टू और दूसरा संविदाकर्मी-लाइनमैन शामिल है। दोनों के खिलाफ सहसवान थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
काश्तकार से मांगी घूस
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुड़ई निवासी सर्वेश कुमार के खेत पर ट्यूबवेल लगा है। उसका ट्रांसफॉर्मर फुंक गया था। सर्वेश ने विजली विभाग में संपर्क किया, तो उनसे रिश्वत की डिमांड की गई।
सर्वेश कुमार ने एंटी करप्शन में शिकायत कर दी। एंटी करप्शन टीम-बरेली के ट्रैफ प्रभारी इश्तियाक वारसी की टीम ने आरोपियों को पकड़ने का जाल बिछाया। गुरुवार को सर्वेश कुमार 12 हजार रुपये की रिश्वत लेकर विद्युतकर्मियों से मिले। जैसे ही उन्होंने रुपये दिए-टीम ने छापा मारकर आरोपियों को दबोच लिया।
ये हैं घूसखोरी के आरोपी
जरीफनगर बिजली घर में टीजी-टू (टेक्निशियन ग्रेड) के पद पर तैनात हरदेवा राम, जोकि मूलरूप से राजस्थान के नागौर जनपद के मारोठ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। एंटी करप्शन ने उन्हें घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है। दूसरा आरोपी, बदायूं के जरीफनगर निवासी मानक चंद्र है-जोकि लाइनमैन है और संविदा पर तैनात है।
सहसवान लेकर पहुंची पुलिस
एंटी करप्शन टीम ने जरीफनगर में जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ा। उसके बाद दोनों को लेकर सहसवान थाने पहुंची। सहसवान में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और उसके बाद दोनों को जेल भेजा जाएगा।
छापेमारी से बढ़ी हलचल
जरीफनगर बिजली घर से दो विद्यतुकर्मियों के घूस लेते रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद हलचल मच गई। विद्युत विभाग के अलावा दूसरे विभागों के भ्रष्ट लोगों में बेचैनी देखी गई।
