यूपी में महिलाओं के खाते में आएंगे 50 हजार? चुनाव से पहले योगी सरकार की बड़ी योजना पर मंथन, अखिलेश ने किया पलटवार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

प्रस्तावित योजना में 50 लाख महिलाओं को जोड़ने की चर्चा, पहली किस्त में ₹20 हजार देने की बात; अखिलेश यादव ने इसे बताया ‘एक और जुमला’ और ₹40 हजार से शुरुआत का किया ऐलान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महिला वोटरों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार महिलाओं के लिए एक बड़ी आर्थिक सहायता योजना शुरू करने पर मंथन कर रही है। हालांकि, योजना को लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत 50 लाख महिलाओं को कुल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का विचार है। चर्चा है कि चुनाव से पहले इसकी पहली किस्त के तौर पर 20 हजार रुपये महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जा सकते हैं। इसके बाद सरकार बनने पर 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें दिए जाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है।

चुनाव से पहले पहली किस्त देने की चर्चा

बताया जा रहा है कि सरकार के स्तर पर इस योजना को लेकर मंथन शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश में अगले साल जनवरी-फरवरी के आसपास विधानसभा चुनाव होने की संभावना है और इसी से पहले योजना को लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

इस प्रस्ताव की चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भेजी गई थी। बीजेपी की बिहार में बड़ी जीत के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी महिलाओं को केंद्र में रखकर ऐसी योजना की चर्चा ने सियासी गर्मी बढ़ा दी है।

अखिलेश यादव ने साधा योगी सरकार पर निशाना

प्रस्तावित योजना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसे ‘बीजेपी का एक और जुमला’ बताया।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार के पास चुनाव जीतने के लिए पैसे के अलावा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में महिलाओं को आर्थिक मदद देने की घोषणाएं की गईं, वहां बाद में भुगतान को लेकर आनाकानी हुई और कुछ मामलों में रकम वापस लेने की कार्रवाई भी की गई।

अखिलेश का जवाबी दांव, बोले- 40 हजार से करेंगे शुरुआत

अखिलेश यादव ने इसके साथ ही महिलाओं के लिए अपनी ओर से भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, “हम 40000 से करेंगे शुरुआत, जिसमें ‘बढ़ोतरी’ होगी हर साल!”

इस बयान के जरिए सपा अध्यक्ष ने संकेत दिया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये से आर्थिक सहायता की शुरुआत की जाएगी और हर साल इसमें बढ़ोतरी की जाएगी।

रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार का महिलाओं पर फोकस

महिलाओं को लेकर यह सियासी हलचल रक्षाबंधन से पहले और तेज हुई है। इससे पहले योगी सरकार ने प्रदेश में बहनों की सुविधा के लिए छह दिनों तक अतिरिक्त बसें चलाने का निर्देश दिया था। ऐसे में आर्थिक सहायता की प्रस्तावित योजना की चर्चा को भी चुनावी रणनीति के नजरिए से देखा जा रहा है।

हालांकि, 50 लाख महिलाओं को 50 हजार देने वाली प्रस्तावित योजना को लेकर अंतिम फैसला और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

यह भी पढ़ेंः संसद का मानसून सत्र हंगामे के बीच खत्म, तय समय से पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई लोकसभा

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News : सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर, रामसनेहीघाट के कई गांवों में पहुंचा बाढ़ का पानीस फसलों को नुकसान
Krishna Janmashtami 2026 : लखनऊ के पुलिस थानों में जन्माष्टमी की धूम, पुलिस लाइन में गरजे CM योगी, कहा- आस्था मिटाने वाले मिट्टी में मिल गए
Raebareli News: ऊंचाहार एसडीएम विवेक राजपूत पर विजिलेंस का शिकंजा, 70.92 लाख की अननुपातिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज
Raebareli Flood: नैय्या नाले के उफान से गांवों में बाढ़, ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह; पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
Krishna Janmashtami 2026 : कान्हा की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, CM योगी ने श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल