UP के गांव -शहर के युवा अब जापान की तकनीक सीखेंगे : हुनर को मिलेगा दुनिया तक पहुंचने का मौका, कौशल विकास मिशन ने तैयार किया ये प्लान

Amrit Vichar Network
Edited By Anuj Sharma
On

एक तरफ यूपी के गांवों का हुनर है, दूसरी तरफ जापान की आधुनिक तकनीक. इन दोनों को जोड़कर यूपी के युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में मिशन निदेशक पुलकित खरे लगातार सार्थक प्रयास कर रहे हैं. यह पहल गांव-कस्बों के युवाओं के हुनर को नई तकनीक और बड़े रोजगार बाजार से जोड़ने की उम्मीद जगाती है.

लखनऊ अमृत विचार . यूपी के किसी गांव में बैठा एक युवा जब जापान की मशीनों को देखता है, तो शायद उसके मन में भी एक सपना आता होगा- काश! मैं भी ऐसी तकनीक सीख पाता. काश! मेरे हुनर की पहचान सिर्फ मेरे गांव या शहर तक नहीं, दुनिया तक होती. अब इस सपने को एक दिशा देने की तैयारी है. उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और जापान की Yaskawa Electric Corporation के बीच गुरुवार को हुई बैठक में यूपी के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाले संयुक्त कौशल विकास कार्यक्रम (Joint Skill Development Program) पर चर्चा हुई. साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण (Technical Training) का प्रभावी ढांचा तैयार करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ.

गांव का हुनर, जापान की तकनीक और दुनिया का बाजार

सोचिए, जिस युवा ने अब तक आधुनिक मशीनों को सिर्फ मोबाइल की स्क्रीन पर देखा है, उसे अगर वही तकनीक सीखने का मौका मिले. वह मशीनों को समझे, उन्हें चलाने का हुनर सीखे और अपने कौशल को उस स्तर तक ले जाए, जिसकी जरूरत दुनिया की कंपनियों को है. यही इस पहल का सपना है- यूपी के गांव और छोटे शहरों के युवाओं के हुनर को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उन्हें बड़े रोजगार बाजार के लिए तैयार करना.

एक ट्रेनिंग, बदल सकती है सोच

तकनीक सीखने का मतलब सिर्फ मशीन चलाना सीखना नहीं है. इसके साथ युवा यह भी सीखता है कि दुनिया की कंपनियां किस तरह काम करती हैं, किस तरह के कौशल की जरूरत है और अपने हुनर को लगातार कैसे बेहतर किया जा सकता है. अगर यह पहल आगे बढ़ती है, तो युवाओं को उन्नत तकनीकी कौशल (Advanced Technical Skills) हासिल करने और वैश्विक रोजगार (Global Employment) के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिल सकता है.

सपना सिर्फ जापान जाने का नहीं...

सपना इससे बड़ा है. गांव का युवा वहीं रहकर ऐसी तकनीक सीखे, जिसके दम पर वह दुनिया के किसी भी रोजगार बाजार में अपनी पहचान बना सके. यूपी के छोटे शहरों और गांवों से निकलने वाला हुनर अगर जापानी तकनीक और आधुनिक प्रशिक्षण से जुड़ता है, तो उसके सामने अवसरों की दुनिया भी बड़ी हो सकती है. बैठक में UPSDM के जॉइंट डायरेक्टर मयंक गंगवार भी मौजूद रहे.

संबंधित समाचार