Deoria News : तिरंगा यात्रा में गर्मी से बिगड़ी छात्राओं की तबीयत, 25 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; कई हुईं बेहोश

Amrit Vichar Network
On

पीएमश्री जीआईसी से निकली थी तिरंगा यात्रा, करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं हुए शामिल

देवरिया में पीएमश्री जीआईसी से निकली तिरंगा यात्रा में करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए। तेज धूप और उमस के कारण 25 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और कई बेहोश हो गईं। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।

देवरिया, अमृत विचार: देवरिया में गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के चलते कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ छात्राएं बेहोश भी हो गईं। आनन-फानन में प्रशासन ने एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर 25 से अधिक प्रभावित छात्राओं को महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी छात्राओं का इलाज किया गया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के अनुसार, सभी छात्राएं अब ठीक हैं और उपचार के बाद उन्हें घर भेजा जा रहा है।

पांच हजार छात्र-छात्राएं तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से सुबह करीब 11 बजे तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय समेत कई विद्यालयों के करीब पांच हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा सिविल लाइंस मार्ग से होते हुए स्टेडियम पहुंची। यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के कारण रास्ते में ही कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगा।

पानी पिलाकर संभालने की कोशिश, स्टेडियम में फिर बिगड़ी हालत

छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर शिक्षकों ने उन्हें पानी पिलाकर सामान्य करने का प्रयास किया। हालांकि, स्टेडियम पहुंचने के बाद कई छात्राओं की हालत फिर बिगड़ गई और कुछ छात्राएं बेहोश हो गईं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर प्रभावित छात्राओं को मेडिकल कॉलेज भेजा।

डीएम और सीडीओ ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती छात्राओं का हाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं।

उपचार के बाद घर भेजी जा रहीं छात्राएं

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि सभी छात्राएं अब ठीक हैं। उपचार के बाद उन्हें उनके घर भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से छात्राओं की स्थिति पर नजर रखी गई।

संबंधित समाचार