Sukhbir Singh Badal Attack : सुखबीर बादल पर धारदार हथियार से हमला, PM मोदी ने हरसिमरत कौर से फोन पर लिया हाल; आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
On

गुरुद्वारे में हमले के दौरान बचाने पहुंचे पुलिसकर्मी के हाथ में भी लगी चोट, दोनों की हालत स्थिर

महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारे में धारदार हथियार से हमला किया गया। हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बचाने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। दोनों की हालत स्थिर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के नेताओं ने घटना की जानकारी ली।

नांदेड़, अमृत विचार: महाराष्ट्र के नांदेड़ में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

गुरुद्वारे में धारदार हथियार से हमला

पुलिस के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी में जसपाल सिंह नाम के व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला किया। हमले के दौरान उन्हें बचाने की कोशिश में इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हो गए। दोनों के हाथ में चोट आई है। दोनों घायलों को यशो साई अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हमलावर गिरफ्तार, दो साल से गुरुद्वारे में कर रहा था सेवा

महाराष्ट्र के गृह मंत्री योगेश कदम ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके मुताबिक आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में स्वयंसेवक के तौर पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने धारदार हथियार से हमला किया था। हमले को रोकने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

PM मोदी ने हरसिमरत कौर से की बात

हमले की जानकारी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत कर सुखबीर बादल का हालचाल जाना। उन्होंने आश्वासन दिया कि हमले के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिंदे और फडणवीस ने पुलिस से लिया अपडेट

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से सीधे संपर्क कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को हमले की गहन जांच करने, सुरक्षा में किसी भी चूक की पड़ताल करने और घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नांदेड़ एसपी से घटना की जानकारी ली और पुलिस को हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

घटना के बाद नांदेड़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हमले के कारण और आरोपी के मकसद का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ेंः यूपी में महिलाओं के खाते में आएंगे 50 हजार? चुनाव से पहले योगी सरकार की बड़ी योजना पर मंथन, अखिलेश ने किया पलटवार

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 23 सेंटीमीटर ऊपर, रामसनेहीघाट के कई गांवों में पहुंचा बाढ़ का पानीस फसलों को नुकसान
Krishna Janmashtami 2026 : लखनऊ के पुलिस थानों में जन्माष्टमी की धूम, पुलिस लाइन में गरजे CM योगी, कहा- आस्था मिटाने वाले मिट्टी में मिल गए
Raebareli News: ऊंचाहार एसडीएम विवेक राजपूत पर विजिलेंस का शिकंजा, 70.92 लाख की अननुपातिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज
Raebareli Flood: नैय्या नाले के उफान से गांवों में बाढ़, ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह; पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
Krishna Janmashtami 2026 : कान्हा की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, CM योगी ने श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल