Pilibhit News : ट्रेड डील रद्द करने की मांग, तिकुनिया कांड पर कार्रवाई को उठाई आवाज
भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने समेत कई मुद्दों पर मंथन
पीलीभीत में तराई क्षेत्र के 9 जिलों के किसान संगठनों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की मौजूदगी में मंथन किया। किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध करते हुए इसे रद्द करने और लखीमपुर के तिकुनिया कांड पर कार्रवाई की जोरदार मांग उठाई है।
पूरनपुर, अमृत विचार। तराई क्षेत्र के नौ जिलों की किसान संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को पूरनपुर के ब्लॉक रोड स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में हुई। बैठक में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने, लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई समेत किसानों और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया।
बैठक का आयोजन भाकियू चढूनी जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो की ओर से किया गया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र गिल और प्रदेश सचिव गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। तराई क्षेत्र के विभिन्न जिलों से जिलाध्यक्षों और मंडल पदाधिकारियों ने पहुंचकर संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द किए जाने, किसानों के हितों पर इसके संभावित प्रभाव और सरकार की नीतियों समेत विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर भी चर्चा की गई। क्षेत्रीय स्तर पर किसानों के सामने आ रही समस्याओं को उठाते हुए उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष लखीमपुर बलकार सिंह, शाहजहांपुर जिला अध्यक्ष भारत सिंह यादव, बदायूं जिला अध्यक्ष सतीश साहू, बरेली जिला अध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी, रामपुर जिला अध्यक्ष हरदीप सिंह, लखनऊ मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार, बरेली मंडल अध्यक्ष शीशपाल यादव आदि मौजूद रहे।
