UP T-20 League: बारिश ने थामी लखनऊ फॉल्कंस की प्रैक्टिस, कप्तान भुवी तैयार; पीयूष चावला लगाएंगे कमेंट्री में तड़का
लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में पहली बार खिताब जीतने के इरादे से उतरने वाली लखनऊ फॉल्कंस की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। टीम के सबसे अनुभवी और लीग के महंगे खिलाड़ियों में शामिल कप्तान भुवनेश्वर कुमार गुरुवार को टीम कैंप से जुड़ गए। हालांकि, दिनभर हुई बारिश के कारण टीम का अभ्यास सत्र नहीं हो सका। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने आगामी मुकाबलों के लिए अपनी तैयारियों को जारी रखा है। टीम में प्रियम गर्ग, विप्रज निगम, आराध्य यादव, अभिनंदन सिंह और कृतज्ञ सिंह जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी पर खास फोकस
लखनऊ फॉल्कंस के टीम निदेशक ऋत्विक सिन्हा ने बताया कि कैंप में खिलाड़ियों के लिए बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा नियमित अभ्यास मैचों के जरिए खिलाड़ियों की तैयारियों को परखा जा रहा है। कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता के साथ-साथ मानसिक मजबूती पर भी काम कर रहा है, ताकि टीम टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर सके। लखनऊ फॉल्कंस अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को इकाना स्टेडियम में गोरखपुर लायंस के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
कमेंट्री पैनल में दिखेंगे पीयूष चावला
यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में पूर्व भारतीय स्पिनर पीयूष चावला कमेंट्री बॉक्स में नजर आएंगे। यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल ने उन्हें 14 अगस्त से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के कमेंट्री पैनल में शामिल किया है। पीयूष चावला के अलावा पूर्व भारतीय खिलाड़ी चेतन शर्मा, सबा करीम, जतिन सप्रू, अशोक शर्मा और मनिंदर बिड़ला भी कमेंट्री टीम का हिस्सा होंगे। गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि टूर्नामेंट के मुकाबलों का प्रसारण 200 से अधिक देशों में किया जाएगा। मैचों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर होगा। इस बार हिंदी और अंग्रेजी कमेंट्री पैनल को अंतिम रूप दे दिया गया है, जबकि भोजपुरी कमेंट्री को लेकर चर्चा जारी है।
ये भी पढ़े :
Football League: रेहान के दो गोल से फाल्कन रिजर्व की जीत, माउंट फोर्ट ने 5-0 से दर्ज की शानदार मुकालबा
