“मैंने नहीं, मां काली ने मेरी मां को मारां”, मां की हत्या के बाद बेटे का चौंकाने वाला दावा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

घरेलू विवाद के बाद 55 वर्षीय महिला की हत्या का आरोप, बहन पर भी हमला; पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के खुड़नावैध गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। जिस मां ने बेटे को जन्म दिया और पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार बेटे के बयान ने पुलिस और ग्रामीणों को भी हैरानी में डाल दिया।

मां की सिलबट्टे से हत्या के आरोप में गिरफ्तार पंकज राठौर ने पुलिस पूछताछ के दौरान कहा, “मैंने अपनी मां की हत्या नहीं की, यह काम कलकत्ता वाली मां काली ने किया है। मैंने कोई गलत काम नहीं किया।” आरोपी बार-बार खुद को बेगुनाह बताता रहा और अपने बयान पर अड़ा रहा।

जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद के बाद पंकज ने अपनी 55 वर्षीय मां नन्हीं देवी को कमरे में बंद कर सिलबट्टे और ईंट से सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मां की चीखें सुनकर बचाने पहुंची बहन सुषमा पर भी उसने हमला कर दिया। बहन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, दरवाजा खुलवाकर उसे बचाया और आरोपी को पकड़कर रस्सी से बांध दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सना सिलबट्टा बरामद किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति पिछले करीब तीन वर्षों से ठीक नहीं थी और उसका इलाज भी चल रहा था। कुछ दिन पहले भी उसने गांव में मारपीट और पथराव किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की मानसिक स्थिति से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः Kanpur Master Plan: 80 गांवों की तस्वीर बदलेगा KDA, 200 वर्ग किमी क्षेत्र के विकास का मास्टर प्लान तैयार

संबंधित समाचार