Shravasti News: मुकदमा जिताने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात कराने और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज
डीआईजी के निर्देश पर अधिवक्ता और परिवार के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर, पुलिस ने शुरू की जांच; आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी
श्रावस्ती, अमृत विचार: गोंडा की एक महिला ने मुकदमा जिताने का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए एक अधिवक्ता व उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामला डीआईजी के निर्देश पर करनैलगंज कोतवाली में दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने गुरुवार डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। एफआईआर के अनुसार, पीड़िता का अपने पति से तलाक का मुकदमा श्रावस्ती की फैमिली कोर्ट में लंबित है। इसी दौरान उसकी मुलाकात भिनगा कोतवाली के अकबरपुर सेमरा निवासी अधिवक्ता मनोज वर्मा से हुई।
महिला का आरोप है कि अधिवक्ता ने मुकदमा जिताने का भरोसा देकर नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में बहाने से बहराइच ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि गर्भवती होने पर आरोपी ने जबरन गर्भपात की दवा खिलाई। साथ ही उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल कर रुपये भी वसूले।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो अधिवक्ता और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट व अभद्रता की। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद उसने डीआईजी से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्जकर जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः Shravasti News: बैन सिरप बेचना मेडिकल स्टोर संचालक को पड़ा भारी, संपत्ति कुर्क
यह भी पढ़ेंः Shravasti Accident News: मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, पत्थर के नीचे दबकर मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल
