श्रावण मास में काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रोटोकॉल दर्शन पर रोक, आम श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

30 जुलाई से 28 अगस्त तक विशेष दर्शन व्यवस्था रहेगी स्थगित, काशीवासियों के लिए 'काशी द्वार' से विस्तारित प्रवेश सुविधा

वाराणसी। श्रावण मास के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मंदिर प्रशासन ने 30 जुलाई से 28 अगस्त तक पूरे श्रावण मास में विशेष सुविधा (प्रोटोकॉल) दर्शन व्यवस्था को पूरी तरह स्थगित करने की घोषणा की है। यह निर्णय सामान्य श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण ने बताया कि श्रावण मास में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए औसतन छह से सात घंटे तक इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में यदि प्रोटोकॉल दर्शन जारी रखा जाता है तो आम श्रद्धालुओं को अधिक असुविधा होगी। इसी वजह से पूरे श्रावण मास के लिए यह व्यवस्था स्थगित कर दी गई है।

काशीवासियों को मिलेगी विशेष सुविधा

मंदिर प्रशासन ने बताया कि काशीवासियों की सुविधा के लिए वर्ष 2024 में द्वार संख्या 4-बी को 'काशी द्वार' के रूप में चिन्हित किया गया था। पहले इस द्वार से सुबह 4 बजे से 5 बजे और शाम 4 बजे से 5 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति थी। अब इस सुविधा का विस्तार करते हुए काशीवासियों के लिए मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद यानी सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक इसी द्वार से प्रवेश की व्यवस्था कर दी गई है। हालांकि, विशेष पर्वों और प्रमुख तिथियों पर यह सुविधा लागू नहीं होगी।

हजारों श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ

मंदिर प्रशासन के अनुसार, विस्तारित व्यवस्था के पहले दिन 8 जुलाई 2026 को 8,688 काशीवासी श्रद्धालुओं ने 'काशी द्वार' से बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। वहीं 9 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे तक 5,196 श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ ले चुके थे। मंदिर न्यास का कहना है कि काशीवासियों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ अग्निकांड: LDA ने अलीगंज की अवैध इमारत पर चलाया बुलडोजर, 15 मौतों के बाद बड़ी कार्रवाई

संबंधित समाचार