Sitapur News : मौरंग और बकाया पैसा मांगने पर युवक और उसके परिजनों को पीटा, पिता को मारा चाकू

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ठकुरनपुरवा गांव की घटना, बीच-बचाव में आए पिता और भाई भी हुए घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

सीतापुर के लहरपुर क्षेत्र में मौरंग और बकाया रकम मांगने पर दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान युवक के पिता पर चाकू से हमला किया गया, जबकि भाई की आंख में गंभीर चोट आई। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीतापुर, अमृत विचार। सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में मौरंग और बकाया रकम मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के दबंगों ने युवक के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पिता और भाई दोनों घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मौरंग और बकाया रकम मांगने पर हुआ विवाद

लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ठकुरनपुरवा (मजरा चंदेसुआ) निवासी योगेश पुत्र बंशीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहा है। आरोप है कि 8 जुलाई को उसने गांव के ही प्रतीक, लालेश, नितेश, विवेक, प्रशांत और उमाकांत से अपनी मौरंग और बकाया रुपये मांगे, लेकिन आरोपियों ने पैसे देने से इनकार कर दिया।

विरोध करने पर की मारपीट

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसके पिता बंशीलाल और भाई अवधेश बीच-बचाव के लिए पहुंचे।

पिता पर चाकू से हमला, भाई की आंख में चोट

आरोप है कि इसी दौरान लालेश ने बंशीलाल पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, मारपीट में योगेश के भाई अवधेश की आंख में भी गंभीर चोट आई, जिससे उसे धुंधला दिखाई देने लगा। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार