Farrukhabad News : समाधान दिवस पर लेखपाल निलंबित, भूमि विवाद मामले में डीएम ने की कार्रवाई, कहा- लापरवाही कतई क्षम्य नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद और राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। जिले के नवाबगंज थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर का एक बार फिर रौद्र रूप देखने को मिला। भूमि विवाद के मामले में डीएम ने लेखपाल को निलंबित करने का फरमान सुनाया तो मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कलक्टर ने कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर क्षम्य नहीं है।

शनिवार को नवाबगंज थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी अंकुर लाठर और पुलिस कप्तान आरती सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। सुनवाई के दौरान एक भूमि विवाद से जुड़े मामले में लेखपाल पवन दिवाकर द्वारा संतोषजनक जानकारी न दिए जाने पर जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया।

उन्होंने लेखपाल को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया। इसी भूमि विवाद मामले में दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारी राजीव कुमार और एसएसआई राम सिंह से भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्हें आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में दनियापुर निवासी श्रीपाल ने अपने पुत्र के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने की शिकायत दर्ज कराई। नगला धोबियांन निवासी अशोक ने अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने दोनों मामलों में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस में कुल 15 शिकायतें मिलीं

थाना दिवस में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी डाॅ0 अंकुर लाठन ने कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर क्षम्य नहीं है। सभी अधिकारी व कर्मचारी निष्ठापूर्वक जनता के कार्य करें। आला अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार