Auraiya News: रक्षाबंधन से पहले मिठाई की दुकानों पर छापा! खाद्य विभाग ने 8 मिठाइयों के लिए नमूने, दुकानदारों में मची खलबली
दूध-खोया से लेकर घी तक की गुणवत्ता पर नजर
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग ने अछल्दा के नहर बाजार में मिठाई की दुकान पर छापा मारकर लड्डू, छेना समेत करीब आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
अछल्दा (औरैया) अमृत विचार। रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को अछल्दा कस्बे के नहर बाजार स्थित मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। टीम ने एक मिठाई की दुकान का निरीक्षण करते हुए अलग-अलग प्रकार की करीब आठ मिठाइयों, लड्डू और छेना आदि के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने की पुष्टि हो सकेगी।
खाद्य विभाग की टीम के पहुंचते ही मिठाई दुकानदारों में हलचल मच गई। अधिकारियों ने दुकान में रखी मिठाइयों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। टीम ने दुकानदार को मिठाइयों को ढककर रखने और खराब अथवा पुरानी मिठाइयों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही मिठाई तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले दूध, खोया, घी और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिठाई की दुकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि मिलावटी, बासी और खराब मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। नमूनों में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए विभाग की ओर से अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें : नेपाल : अचानक आई बाढ़ में 100 से अधिक भारतीय पर्यटक लापता, पर्यटन बोर्ड ने दी जानकारी
