Kannaauj News : चीनी के दामों पर घिरे राज्यमंत्री कैलाश सिंह! बोले- ‘इस बारे में मुझे जानकारी नहीं’, देखें वीडियो
कन्नौज में चीनी की बढ़ती कीमतों पर सवाल पूछे जाने पर राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और वह वहां से उठकर चले गए। कार्यक्रम में उन्होंने रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और 60+ महिलाओं को आजीवन मुफ्त रोडवेज यात्रा की जानकारी दी।
कन्नौज, अमृत विचार। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्यमंत्री व तिर्वा विधायक कैलाश सिंह राजपूत ने चीनी पर बढ़ती महंगाई पर अजब-गजब व गैर जिम्मेदारी वाला बयान दिया है। पत्रकारों ने जब इस बाबत महिलाओं के कार्यक्रम में सवाल पूछा तो राज्य मंत्री ने कहा, ‘उनको इस बारे में जानकारी नहीं है।’ इतना कहने के बाद वह उठकर चल दिए।
दरअसल, बुधवार को सदर तहसील क्षेत्र के गांव बेहरिन में एक गेस्ट हाउस में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्यमंत्री शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में ऐतिहासिक पहल हुई है। रक्षाबंधन पर 03 दिन 27, 28 व 29 अगस्त को एक सहयोगी के साथ महिलाएं रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा करेंगी। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क रोडवेज बस यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।
इससे उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने का संबल प्राप्त होगा। करीब एक करोड़ से अधिक माताओं-बहनों को निशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलने की संभावना है। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने कहा कि रक्षाबंधन पर माताओं-बहनों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा देना सरकार का महिलाओं के लिए अत्यंत सराहनीय एवं सम्मानजनक उपहार है। संचालन आशुतोष दुबे ने किया।
इस मौके पर डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, सीडीओ राजेंद्र श्रीवास, डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, डीसी मनरेगा दिनेश यादव, पीडी डीआरडीए राम औतार सिंह व एआरएम दिनेश कुमार व प्राची गुप्ता उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें:-हरदोई DM और कई-BSA पर संसद की याचिका समिति में शिकायत, स्कूलों की बदहाली और सरकारी धन के दुरुपयोग की जांच की मांग
