Shahjahanpur News: गौतम मौर्य हत्यारोपी समीर इदरीसी के घर बुलडोजर एक्शन, भारी पुलिस बल के बीच अवैध निर्माण ध्वस्त
शाहजहांपुर के कांट में गौतम मौर्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर अली के मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। नगर पंचायत के नोटिस के बाद अवैध निर्माण को जेसीबी से ढहाया गया।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शाहजहांपुर जिले के कस्बा कांट के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी प्रथम में गौतम हत्याकांड के मुख्य आरोपी समीर अली के मकान पर जिला प्रशासन और नगर पंचायत प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई से पहले प्रशासन ने मकान को खाली कराया और उसमें रखा सामान बाहर निकलवाया। इसके बाद दो जेसीबी की मदद से अवैध मकान को ढहाने की कार्रवाई की गई। पूरे घटनाक्रम पर डीएम और एसपी लगातार नजर बनाए रहे।
31 जुलाई की रात हुई थी गौतम की हत्या
31 जुलाई की शाम समीर अली ने साथियों के साथ मिलकर कमलनयनपुर निवासी गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या की थी। घटना के बाद जिले की राजनीति गरमा गई थी। मामला प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा था। विधायक अरविंद सिंह ने गौतम के परिजनों को मुख्यमंत्री से मिलवाकर मामले में कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग उठाई थी। घटना के करीब 20 दिन बाद गुरुवार को जिला प्रशासन ने आरोपी के मकान पर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने पहले मकान खाली कराया और इसके बाद जेसीबी से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
15 दिन का नोटिस देने के बाद कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश मिश्रा ने बताया कि अवैध निर्माण को लेकर गुरुवार को नगर पंचायत कांट की ओर से कार्रवाई की गई है। इससे पहले नगर पंचायत ने मकान मालिकों को 15 दिन का नोटिस दिया था, लेकिन अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन की ओर से जेसीबी के माध्यम से अवैध निर्माण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व, पीडब्ल्यूडी और नगर पंचायत की टीमें भी मौजूद रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
परिवार की महिलाओं ने जताया विरोध
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर आरोपी समीर अली के परिवार की महिलाओं में आक्रोश दिखाई दिया। परिजनों ने कहा कि समीर पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन परिवार के अन्य तीन लोग निर्दोष हैं, उन्हें छोड़ दिया जाए। परिजनों ने यह भी कहा कि गौतम हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपी और दोषियों पर भी इसी तरह कार्रवाई होनी चाहिए। बुलडोजर कार्रवाई को आसपास के लोगों ने छतों पर खड़े होकर देखा। मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश मिश्रा, उप जिलाधिकारी प्रभात राय, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा, अधिशासी अधिकारी कांट नगर पंचायत नूरजहां, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कांट राकेश कुमार समेत नगर पंचायत, राजस्व और पीडब्ल्यूडी की टीमें तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
