UP Politics : मायावती ने Gen Alpha के प्रदर्शन पर जताया दुख, कहा- बच्चों की मांगों पर सहानुभूति से विचार करें सरकारें
बसपा मुखिया मायावती ने जेन-अल्फा बच्चों के स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पर चिंता जताई। उन्होंने सरकारों से बच्चों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने और प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग से बचने की अपील की।
लखनऊ, अमृत विचार। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर 'जेन अल्फा' छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन पर अफसोस जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाओं की मांग को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, यह बेहद दुखद है।
मायावती ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा कि जेन-अल्फा यानी 2013 के बाद जन्मे बच्चे और उनके माता-पिता सुखी भविष्य एवं अच्छी शिक्षा को लेकर चिंतित हैं और इसके लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर, विशेषकर उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के राज्यों में स्कूलों की बदहाल स्थिति की जमीनी हकीकत के कारण बच्चे 'अति-मुखर' हो गए हैं और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के देशव्यापी 'स्कूल ठीक करो' अभियान में उत्साह से भाग ले रहे हैं।
स्कूलों की बदहाली पर सरकारों को घेरा
उन्होंने कहा, ''यह दुखद है कि जिन बच्चों के हंसने-खेलने और पढ़ने-लिखने के दिन हैं, उन्हें प्रारंभिक शिक्षा की बुनियादी सुविधाओं के लिए भी सड़कों पर संघर्ष करना पड़ रहा है।'' बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकारों ने स्कूल व्यवस्था सुधारने के बजाय इसकी अनदेखी की है।
उन्होंने कहा कि हजारों सरकारी स्कूल बंद कर शिक्षा व्यवस्था को काफी हद तक निष्क्रिय बनाने का 'कुचक्र' चलाया जा रहा है। अब जेन-अल्फा बच्चे स्कूल भवन, शिक्षक, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
‘बच्चों पर बल प्रयोग से बचें सरकारें’
मायावती ने उत्तर प्रदेश समेत सभी राज्यों की सरकारों से जेन-अल्फा बच्चों की शिक्षा संबंधी जरूरतों और मांगों पर सहानुभूति के साथ तत्काल ध्यान देने तथा उनके खिलाफ बल प्रयोग से पूरी तरह बचने की अपील की। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले दिनों जेन-अल्फा छात्र-छात्राओं ने स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किए थे।
यह भी पढ़ें:-Lucknow Crime News : गोमतीनगर में दिनदहाड़े डबल मर्डर, पत्नी और बहन को मारी गोली; आरोपी ने खुद को भी शूट किया
