Stock Market Closing: घरेलू शेयर बाजार में लौटी जोरदार तेजी, सेंसेक्स 628 अंक चढ़ा, निफ्टी की 7 दिन की गिरावट थमी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

शेयर बाजार में सात दिनों की गिरावट के बाद गुरुवार को तेजी लौटी। सेंसेक्स 628 अंक चढ़कर 77,537.72 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 153 अंक बढ़कर 24,231.85 पर पहुंचा। IT और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली।

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत चढ़कर 77,537.72 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 153.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक पर पहुंच गया। इसके साथ ही निफ्टी में लगातार सात कारोबारी सत्र से जारी गिरावट पर ब्रेक लग गया।

कारोबार के दौरान 701 अंक तक चढ़ा सेंसेक्स

सेंसेक्स कारोबार के दौरान 701.43 अंक यानी 0.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,611.11 अंक तक पहुंच गया था। वैश्विक बाजारों में तेजी, बॉन्ड प्रतिफल में नरमी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से घरेलू बाजार की धारणा मजबूत हुई। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर के मुताबिक, वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में तेजी को नियंत्रित करने के कदम से बाजार को राहत मिली। इसके साथ ही रुपये में मजबूती और बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से उभरते बाजारों में निवेश का आकर्षण बढ़ा।

IT और बैंकिंग शेयरों में दिखी तेजी

बाजार में तेजी व्यापक रही। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और वित्तीय कंपनियों के शेयरों ने बढ़त को आगे बढ़ाया। सेंसेक्स में शामिल इटर्नल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। वहीं, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक और टाइटन के शेयर गिरावट में बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में 407.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे भी बाजार की धारणा को समर्थन मिला।

कच्चे तेल की कीमतों से चिंता बरकरार

एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं सीईओ हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा कि वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिका-ईरान तनाव महंगाई और कंपनियों के मुनाफे को लेकर चिंता बनाए हुए हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.67 प्रतिशत बढ़कर 93.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशियाई बाजार भी बढ़त में

एशिया के प्रमुख बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में ज्यादातर गिरावट रही। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 325.78 अंक टूटकर 76,909.68 अंक पर और निफ्टी 76.60 अंक की गिरावट के साथ 24,078.30 अंक पर बंद हुआ था।

ये भी पढ़े : 
Stock market closed : शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स 456 अंक लुढ़का; निफ्टी भी लाल निशान में बंद

संबंधित समाचार