Entertainment : जानिए कब देख पाएंगे बॉबी देओल का बंदर अवतार, इस OTT प्लेटफार्म पर करें स्ट्रीम 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ 28 अगस्त 2026 को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी। बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा और सपना पब्बी स्टारर यह क्राइम ड्रामा आरोप, मीडिया ट्रायल और न्याय जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है।

मुंबई। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी चर्चित फिल्म ‘बंदर’ 28 अगस्त 2026 को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी। बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी और सबा आजाद अभिनीत यह फिल्म क्राइम ड्रामा और मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है। कहानी आरोप, सामाजिक धारणा और न्याय जैसे संवेदनशील मुद्दों को सामने लाती है।

रेप के आरोप के बाद बदल जाती है समर की जिंदगी

फिल्म की कहानी एक ऐसे पुरुष के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी उसकी पूर्व साथी द्वारा लगाए गए बलात्कार के आरोप के बाद पूरी तरह बदल जाती है। मीडिया की निगरानी, सामाजिक धारणा और कानूनी लड़ाई के बीच फिल्म यह सवाल उठाती है कि क्या सच सामने आने से पहले ही किसी आरोप के आधार पर व्यक्ति को दोषी मान लेना सही है। फिल्म में बॉबी देओल ने पूर्व लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेता समर मेहरा की भूमिका निभाई है। आरोपों के बाद समर को लोगों की धारणा और मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ता है।

अनुराग कश्यप ने बताया खास अनुभव

निर्देशक अनुराग कश्यप ने कहा कि यह कहानी उन्हें इसलिए आकर्षित करती है, क्योंकि यह ऐसे कठिन सवाल उठाती है, जिनका सामना करने में समाज अक्सर असहज महसूस करता है। फिल्म दर्शकों को सही और गलत के स्पष्ट खांचों से आगे बढ़कर वास्तविक जिंदगी की जटिल परिस्थितियों पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है।

बॉबी देओल बोले- कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने का मौका मिला

बॉबी देओल ने कहा कि ‘बंदर’ ने उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर काम करने का मौका दिया। उनके अनुसार, इस किरदार ने उनसे एक अभिनेता के साथ-साथ एक इंसान के तौर पर भी बहुत कुछ मांगा। अनुराग कश्यप के निर्देशन में काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा। सपना पब्बी ने फिल्म को अपने करियर के खास अनुभवों में शामिल बताया। उन्होंने गायत्री के किरदार को जटिल और अप्रत्याशित बताते हुए कहा कि इसे निभाना चुनौतीपूर्ण होने के साथ संतोषजनक भी रहा। सान्या मल्होत्रा ने कहा कि ‘बंदर’ ऐसी फिल्म है, जो बातचीत को जन्म देती है और दर्शकों को किसी परिस्थिति को अलग-अलग नजरिए से देखने के लिए प्रेरित करती है।

28 अगस्त से ZEE5 पर होगी स्ट्रीम

सैफरॉन मैजिकवर्क्स और जी स्टूडियोज निर्मित इस फिल्म में बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, राज बी. शेट्टी और जितेंद्र जोशी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ‘बंदर’ 28 अगस्त 2026 को विशेष रूप से ZEE5 पर स्ट्रीम होगी।

ये भी पढ़े : 
Mahaprabhu Jagannath: सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद रिलीज का रास्ता साफ, जानिए सिनेमाघरों में आएगी कब आएगी फिल्म

संबंधित समाचार