Mahaprabhu Jagannath: सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद रिलीज का रास्ता साफ, जानिए सिनेमाघरों में आएगी कब आएगी फिल्म

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद एनिमेटेड फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। फिल्म अब 28 अगस्त 2026 को सिनेपोलिस के जरिए देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

मुंबई। एनिमेटेड फीचर फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' की देशभर में रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद अब यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को पैन इंडिया स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को सिनेपोलिस के माध्यम से देशभर में प्रदर्शित किया जाएगा।

ओडिशा की पहली एनिमेटेड फीचर फिल्म होने का दावा

'महाप्रभु जगन्नाथ' को ओडिशा की पहली एनिमेटेड फीचर फिल्म बताया जा रहा है। फिल्म का उद्देश्य बच्चों और परिवारों तक भक्ति, भारतीय संस्कृति और मूल्यों को मनोरंजक तरीके से पहुंचाना है। यह फिल्म लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज 'जय जगन्नाथ' का सिनेमाई विस्तार है। इस सीरीज को यूट्यूब पर 100 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।

जुलाई में रिलीज पर लग गई थी रोक

फिल्म को पहले 17 जुलाई को रिलीज किया जाना था। हालांकि, ओडिशा हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका के आधार पर फिल्म की सामग्री की न्यायिक समीक्षा की मांग को लेकर देशभर में इसकी रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसके बाद फिल्म के निर्माताओं ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। निर्माताओं ने अपनी याचिका में फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मिले 'यू' प्रमाणपत्र और 300 से अधिक सिनेमाघरों की बुकिंग के कारण हुए वित्तीय नुकसान का भी उल्लेख किया था।

सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद नई रिलीज डेट

सुप्रीम कोर्ट से रिलीज की मंजूरी मिलने के बाद निर्माताओं और वितरकों ने नई रिलीज रणनीति तैयार की। पैन इंडिया स्तर पर फिल्म की पहुंच को देखते हुए सिनेपोलिस ने 28 अगस्त को सिनेमाघरों में इसे रिलीज करने का फैसला किया है।

निर्माता ने फैसले पर जताई खुशी

एले एनिमेशंस के संस्थापक और फिल्म के निर्माता दुर्गा प्रसाद दलई ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि फिल्म का निर्माण भारतीय संस्कृति के प्रति श्रद्धा, प्रेम और सम्मान के साथ किया गया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फिल्म के जरिए भगवान जगन्नाथ की भक्ति और कृपा को बच्चों और परिवारों तक देश-विदेश में पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

फिल्म की टीम में कौन-कौन?

भुवनेश्वर स्थित एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड वर्ष 2008 से विजुअल कंटेंट का निर्माण कर रही है। फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा पल्लवी शर्मा ने लिखी है। फिल्म के मूल गीत अर्जित श्रीवास्तव ने तैयार किए हैं। बैकग्राउंड स्कोर अविरल कुमार का है और गीतों के बोल अतुल कुमार वर्मा ने लिखे हैं। कानूनी अड़चनों के बाद अब 'महाप्रभु जगन्नाथ' 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़े : 
नाना पाटेकर ने की यूपी की कानून-व्यवस्था की तारीफ, CM Yogi को लेकर कही ये बात

संबंधित समाचार