Festive Season Jobs 2026 : त्योहारों में नौकरी की बंपर बहार, 15-20% तक बढ़ेंगी अस्थायी भर्तियां; इन सेक्टर में सबसे ज्यादा मौके
ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, रिटेल, लॉजिस्टिक्स और एफएमसीजी कंपनियां बढ़ाएंगी भर्ती; 2026 की दूसरी छमाही में कर्मचारियों के वेतन में 8-10% तक बढ़ोतरी का अनुमान
मुंबई, अमृत विचार। त्योहारी मौसम में खरीदारी बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने वाले हैं। कंपनियां बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए गोदाम, स्टोर और डिलीवरी से जुड़े पदों पर अस्थायी नियुक्तियां बढ़ा रही हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल त्योहारी सीजन में अस्थायी नियुक्तियों में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि होने का अनुमान है।
टीमलीज सर्विसेज की ‘फेस्टिव सीजन वर्कफोर्स रिपोर्ट-2026’ के अनुसार, संगठित खुदरा, ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, एफएमसीजी और टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं के क्षेत्र में कंपनियां पिछले साल की तुलना में अधिक कर्मचारियों की भर्ती कर सकती हैं।
सिर्फ संख्या नहीं, विशेष कौशल वाले कर्मचारियों पर जोर
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनियां अब बड़ी संख्या में कर्मचारियों की भर्ती करने के बजाय जरूरत के मुताबिक विशेष कौशल रखने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं। इनमें गोदाम संचालन, स्टोर मैनेजमेंट और ऑर्डर की तेजी से आपूर्ति से जुड़े पद प्रमुख हैं। लंबे त्योहारी सीजन, तेजी से ऑर्डर पहुंचाने की बढ़ती मांग और ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खरीदारी करने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ने के कारण इन क्षेत्रों में कुशल कर्मचारियों की जरूरत बढ़ रही है।
इन सेक्टर में बढ़ेंगे रोजगार के मौके
त्योहारी सीजन के दौरान ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, संगठित रिटेल, लॉजिस्टिक्स, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनियों में अस्थायी नौकरियों के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनियां स्वतंत्रता दिवस से लेकर दीपावली और वर्षांत की छुट्टियों तक चलने वाले लंबे बिक्री सीजन को देखते हुए पहले से कार्यबल तैयार कर रही हैं। इसका उद्देश्य केवल कुछ दिनों की अतिरिक्त मांग पूरी करना नहीं, बल्कि पूरे त्योहारी सीजन के दौरान सुचारू संचालन बनाए रखना है।
60 हजार फ्रंटलाइन कर्मचारियों के आंकड़ों का विश्लेषण
टीमलीज की यह रिपोर्ट कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, संगठित रिटेल, ई-कॉमर्स, क्विक कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स और एफएमसीजी क्षेत्रों में त्योहारी सीजन के दौरान तैनात 60,000 फ्रंटलाइन कर्मचारियों के रोजगार रिकॉर्ड और कंपनी के आंतरिक कार्यबल आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित है।
भर्ती, प्रशिक्षण और इंसेंटिव पर कंपनियां करेंगी निवेश
टीमलीज सर्विसेज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालासुब्रमण्यम ए के मुताबिक, त्योहारी सीजन में भर्ती अब केवल कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है। कंपनियां गति, उत्पादकता और ग्राहक अनुभव को ध्यान में रखते हुए सटीक भर्ती पर जोर दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स, रिटेल, लॉजिस्टिक्स और क्विक कॉमर्स में मजबूत मांग को देखते हुए अस्थायी नियुक्तियों में पिछले साल की तरह 15-20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है। कंपनियां सुचारू संचालन के लिए कर्मचारियों के इंसेंटिव, ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया और प्रशिक्षण पर भी अधिक निवेश कर रही हैं।
वेतन में भी 8-10% तक बढ़ोतरी का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार, 2026 की दूसरी छमाही में इन कर्मचारियों के वेतन में 8 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, श्रम कानूनों में बदलाव के कारण कर्मचारियों के हाथ में आने वाला वास्तविक वेतन करीब 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ने का अनुमान है।
