प्रयागराज में राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी घमासान, झारखंड और NEET को लेकर पोस्टर वार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

प्रयागराज। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को प्रस्तावित प्रयागराज दौरे से पहले शहर में लगे विवादित पोस्टरों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। जगह-जगह लगाए गए इन पोस्टरों में राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए झारखंड के छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं।

‘जो भागकर प्रयागराज आए, झारखंड जाने से क्यों घबराए?’

शहर में लगाए गए एक पोस्टर पर लिखा है, “जो भाग कर प्रयागराज आए, वह झारखंड जाने से क्यों घबराए।” वहीं, दूसरे पोस्टर में सवाल किया गया है, “जब झारखंड के छात्र मांग रहे न्याय तो राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए।” एक अन्य पोस्टर पर लिखा है, “कब आओगे मेरे राहुल, तुम्हें झारखंड बुलाता है।” इन पोस्टरों पर राहुल गांधी की तस्वीर भी लगाई गई है। एक पोस्टर में “नीट पर हाइपोक्रेसी की भी सीमा होती है, प्रयागराज वाउ, झारखंड छी” जैसे शब्दों के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधा गया है।

किसने लगाए पोस्टर? अभी साफ नहीं

हालांकि, इन विवादित पोस्टरों को किसने लगाया है, इसकी अभी जानकारी सामने नहीं आई है। किसी संगठन या व्यक्ति ने भी इन पोस्टरों की जिम्मेदारी नहीं ली है। राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी शहर में जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगाए हैं। ऐसे में विरोध में सामने आए पोस्टरों के बाद शहर में पोस्टर वार शुरू हो गया है।

छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी शनिवार को नीट पेपर लीक समेत छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद कार्यक्रम ‘गूंज’ के तहत प्रयागराज पहुंच रहे हैं। उनके दौरे से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तैयारियां तेज हैं। वहीं, विरोधी पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। बारिश के बाद प्रयागराज के मौसम में भले ही ठंडक आई हो, लेकिन राहुल गांधी के दौरे से पहले शहर का सियासी तापमान बढ़ता नजर आ रहा है।

ये भी पढ़े : 
सपा के PDA में ‘P’ बना ‘पंडित’, मायावती बोलीं- ‘चुनावी स्वार्थ में गिरगिट की तरह रंग बदलती है पार्टी’

संबंधित समाचार