अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का सबसे बड़ा हमला, बोले- ‘कृष्णवंशी नहीं कंसवंशी हैं’, PDA को बताया दिखावा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘कंसवंशी’ बताया। राजभर ने गाजीपुर-अमेठी की घटनाओं का जिक्र कर सपा और उसके PDA फॉर्मूले पर भी सवाल उठाए।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए एक लंबे पोस्ट में अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा, “आप भगवान श्रीकृष्ण के नहीं, कंसवंशी हैं।” राजभर ने गाजीपुर और अमेठी की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए सपा पर पिछड़े और दलित समाज के उत्पीड़न को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को भी राजनीतिक दिखावा करार दिया।

गाजीपुर और अमेठी की घटनाओं का किया जिक्र

ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में गाजीपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए दावा किया कि यादव समाज के खेत में घास काटने जाने को लेकर राजभर समाज की दो नाबालिग बच्चियों के साथ बर्बरता की गई। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। राजभर ने अमेठी की एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें उनके अनुसार प्रेम विवाह करने वाले कश्यप समाज के एक युवक की हत्या की गई। इन घटनाओं का उल्लेख करते हुए राजभर ने सवाल उठाया कि इन मामलों पर समाजवादी पार्टी के नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई।

‘PDA का नारा सिर्फ राजनीतिक दिखावा’

कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सीटें बढ़ने के बाद उसके कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और इसके बाद प्रदेश में पिछड़े एवं दलित समाज के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि जिन समुदायों को PDA के नाम पर साथ लाने की बात की जाती है, उन्हीं समाजों से जुड़े लोगों के साथ कथित घटनाओं पर सपा नेतृत्व की चुप्पी उसके राजनीतिक दावे पर सवाल खड़े करती है। राजभर ने PDA की राजनीति को “छलावा” बताते हुए सपा पर निशाना साधा।

कई पिछड़ी और दलित जातियों से एकजुट होने की अपील

ओपी राजभर ने अपने पोस्ट के अंत में पिछड़े और दलित समाज की विभिन्न जातियों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने राजभर, निषाद, मल्लाह, केवट, बिंद, मांझी, कश्यप, कहार, प्रजापति, कुम्हार, पाल, गड़रिया, नोनिया, तेली, लोहार, नाई, बंजारा, चौहान, माली, दर्जी, धीमर, धोबी, गोंड, वाल्मीकि, डोम, पासी और मुसहर समेत कई समुदायों का उल्लेख किया। उन्होंने इन समुदायों से राजनीतिक रूप से एकजुट होकर अपने हितों की रक्षा करने का आह्वान किया।

सपा पर लगातार हमलावर हैं राजभर

ओपी राजभर पिछले कुछ समय से समाजवादी पार्टी और उसके PDA फॉर्मूले को लेकर लगातार हमलावर रहे हैं। ताजा बयान में उन्होंने सीधे अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण और कंस का संदर्भ दिया है, जिससे यूपी की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।


ये भी पढ़े : 
CM योगी बरसाएंगे फूल, कांवड़ियों की खातिरदारी में देसी से मॉडर्न तक का स्वाद; पिज्जा-मोमोज भी तैयार

संबंधित समाचार