हिमाचल के चंबा में खाई में गिरी अनियंत्रित बस, 7 लोगों की मौत; 11 गंभीर रूप से घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हिमाचल प्रदेश के चंबा में शनिवार सुबह बड़ा बस हादसा हुआ। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर निजी बस पलटकर नीचे की सड़क पर जा गिरी। हादसे में 7 लोगों की मौत और 11 यात्री घायल हुए हैं।

शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब बैरागढ़ से चंबा जा रही एक निजी बस तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई और नीचे वाली सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस, एनडीआरएफ, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और राजस्व विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

संकरी सड़क पर पलटी बस, नीचे की सड़क पर जा गिरी

पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे हुआ। बैरागढ़-तीसा मार्ग पर चालुज मोड़ के पास बस पलट गई। चुराह घाटी का करीब 27 किलोमीटर लंबा यह पहाड़ी मार्ग बेहद संकरा है और कई जगह गहरी खाइयां हैं। यह मार्ग ऊंचाई पर स्थित साच दर्रे की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों में भी शामिल है। हादसे की तस्वीरों और वीडियो में बस सड़क के बीचोंबीच पलटी हुई दिखाई दे रही है। स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की मदद करते नजर आ रहे हैं।

सात लोगों की मौत, छह घायल गंभीर

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है और 11 लोग घायल हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे के वक्त बस में कुल कितने यात्री सवार थे। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान जगदेव (50), देश राज (35), जहदेही (24), हरदेही (43), नीलम (34), बस चालक रूप सिंह (35) और परिचालक तेज सिंह (39) के रूप में हुई है। सभी चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के रहने वाले थे। घायलों में करण सिंह, सुष्मिता, पानो देवी, धानी, धर्मो देवी और विजय कुमार के अलावा पांच नाबालिग प्रियंका, हर्षा, काव्या, अप्रित और नेहा शामिल हैं। 11 घायलों में से छह को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

CM सुक्खू ने जताया दुख

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा बस हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने और उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

हादसे की वजह की जांच शुरू

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। पुलिस के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मौजूदा मानसून के दौरान 30 जून से 7 अगस्त तक सड़क हादसों में 78 लोगों की मौत हो चुकी है।

ये भी पढ़े : 
'नई राह खोजने का साहस रखें, चुनौतियां खुद बन जाएंगी अवसर’ ..... IIT दिल्ली में PM मोदी का बड़ा संदेश, परम प्रज्ञा सुपरकंप्यूटर का उद्घाटन

संबंधित समाचार