Auraiya News: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; 2 की मौत, 3 गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

औरैया के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

औरैया, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। अछल्दा थाना क्षेत्र के इटैली चौकी के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।  हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

ट्रक में पीछे से घुसी कार

जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9:10 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 277.9 पर हुआ। कार तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और इटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

कार में फंसे घायलों को पुलिस ने बाहर निकाला

Horrific accident

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में मुहम्मद जमाल (52), निवासी झांसी और शक़ीला बानो (63) की मौत हो गई। वहीं मुहम्मद फिरोज (47), रेहाना बानो (44) और ताहिरा बानो (8) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मुहम्मद जमाल और शक़ीला बानो को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मुहम्मद फिरोज की हालत गंभीर है।

उर्स में शामिल होने बरेली जा रहे थे

बताया गया कि कार सवार सभी लोग झांसी जिले से बरेली में आयोजित उर्स में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

ये भी पढ़े : 
मेरठ पहुंचे सीएम योगी, श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा

 

संबंधित समाचार