Bahraich News: पुलिस मुठभेड़ के बाद 3 आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद; कई मुकदमों में थे वांछित
फायरिंग के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
जरवल रोड पुलिस ने बहराइच में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी। उनके पास से तमंचा, कारतूस और अन्य हथियार बरामद हुए हैं
बहराइच। जरवल रोड पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस, बांका, चाकू और रस्सी समेत कई सामान बरामद किए हैं।
संदिग्धों को रोकने पर पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शनिवार तड़के जरवल रोड थाना पुलिस वांछित और वारंटी आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दातारामपुरवा मोड़ के पास सड़क किनारे तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने कथित रूप से तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।
तीनों आरोपियों की हुई पहचान, हथियारों समेत कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ पुत्र शरीफुल, शरीफुल पुत्र अहमद हसन और अकरम पुत्र शरीफुल निवासी ग्राम हरचंदा, थाना जरवल रोड, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस .315 बोर एक देशी तमंचा 12 बोर, एक जिंदा कारतूस 12 बोर एक बांका, एक चाकू प्लास्टिक की रस्सी बरामद की है।
पूछताछ में सामने आईं कई बातें
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुनसान स्थानों पर ले जाते थे और उनका वध कर मांस बेचने का काम करते थे। इस मामले में जरवल रोड थाने में मुकदमा संख्या 153/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अशरफ और शरीफुल के खिलाफ हत्या के प्रयास, गोवध, गैंगस्टर, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अकरम के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
