Hamirpur News : हत्या को बना दिया हादसा, पति ने 40 लाख के लिए पत्नी को कार से कुचला

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

पत्नी की हत्या, पति समेत चार गिरफ्तार; कार से कई बार कुचलकर ली जान

हमीरपुर में 40 लाख रुपये के बीमा के लालच में पति ने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

हमीरपुर। कि पति ने 40 लाख रुपये के बीमा का पैसा पाने के लिए अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची और उसे कार से कई बार कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

सड़क हादसा नहीं, सोची-समझी हत्या निकली

अपर पुलिस अधीक्षक ए.के. वर्मा ने बताया कि 29 जुलाई को थाना ललपुरा क्षेत्र के पौथिया के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बाद में मृतका की पहचान मौदहा थाना क्षेत्र के बमरौली गांव निवासी रीता के रूप में हुई। मृतका के पिता सर्वेश गुप्ता की तहरीर पर 31 जुलाई को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया।

जांच में पति पर गया शक

जांच के दौरान पुलिस को ऐसे तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिले, जिनसे मृतका के पति अमर सिंह की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ के बाद पुलिस ने अमर सिंह के साथ अमित गुप्ता उर्फ राम, पुष्पेंद्र सोनी उर्फ साहिल और अभय सिंह उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार और एक एयरटेल सिम कार्ड भी बरामद किया है।

कर्ज उतारने के लिए बनाई गई थी हत्या की योजना

Hamirpur News

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों पर भारी कर्ज था। इसी से छुटकारा पाने के लिए उन्होंने बीमा की रकम हासिल करने की साजिश रची। आरोप है कि रीता के नाम पर एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस का करीब 40 लाख रुपये का बीमा कराया गया। योजना के मुताबिक, हत्या के बाद मिलने वाली बीमा राशि में से 15 लाख रुपये पति अमर सिंह को दिए जाने थे, जबकि बाकी रकम अन्य आरोपियों में बांटी जानी थी।

कार से कई बार कुचलकर की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत अमर सिंह अपनी पत्नी रीता को पौथिया नहर मार्ग स्थित राठ रोड पर लेकर पहुंचा। पहले से अर्टिगा कार में मौजूद तीनों आरोपी वहां पहुंचे और रीता को कार से टक्कर मार दी। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गई, तब आरोपियों ने उसे सड़क पर घसीटकर दोबारा कार चढ़ाई। पुलिस का आरोप है कि यह सिलसिला कई बार दोहराया गया, जिससे रीता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश करते हुए फरार हो गए।

48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

ललपुरा थाना पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से 31 जुलाई की शाम कुंडौरा रोड स्थित साईं दांता आश्रम के पास चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य धाराएं भी जोड़ते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बीमा से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल चारों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।

ये भी पढ़ें : 
Bahraich News: हनुमान मंदिर विकास के लिए 66 लाख का शिलान्यास, जनचौपाल में सुनी गई ग्रामीणों की समस्याएं

संबंधित समाचार