कारगिल विजय दिवस : देश के वीरों को नमन, आश्रय सेवा समिति ने किया सम्मान समारोह आयोजित

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

हरदोई, अमृत विचार : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आश्रय सेवा समिति द्वारा सैनिक कल्याण भवन में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों के परिजनों तथा युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को माल्यार्पण कर प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रय सेवा समिति की महिला विंग की अध्यक्ष रीना गुप्ता ने मां भारती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं पूजा-अर्चना कर किया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि देश के सैनिकों के त्याग और बलिदान की बदौलत ही देशवासी सुरक्षित और चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कारगिल युद्ध के शहीद मेजर पंकज पांडे के पिता का सम्मान करते हुए उनके परिवार के साहस और राष्ट्रभक्ति की सराहना की।

पूर्व कर्नल ओम प्रकाश मिश्रा ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारतीय सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देकर देश की रक्षा की और विजय सुनिश्चित की। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जे.बी. गोगोई ने सभी पूर्व सैनिकों एवं अतिथियों का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

आश्रय परिवार के अध्यक्ष नितीश मुखर्जी ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं का संचालन करते हुए मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। उपाध्यक्ष सुशील दुबे एवं अभिषेक श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

आश्रय परिवार के जिला मंत्री शिवधीश त्रिपाठी ने कहा कि हमारे वीर जवान सीमाओं पर दिन-रात देश की रक्षा करते हैं, तभी हम अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कारगिल के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित पूर्व सैनिकों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अशोक सिंह 'लालू' ने किया, जबकि संरक्षक राजीव सिंह ने सभी वीर जवानों का सम्मान किया।

इस अवसर पर कैप्टन अशोक अग्निहोत्री (जिला अध्यक्ष, पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन, हरदोई), पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, आर. अवस्थी, राजेंद्र सिंह, अजीत सिंह, देवेश अवस्थी, गया प्रसाद, खेमकरण, सुशील सिंह, जे.बी. सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में नारायण सेवा समूह के प्रियम मिश्रा,रोटी बैंक, भारतीय योग संस्थान, अंतर्ध्वनि महिला विंग, नेकी की दीवार सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को भी आश्रय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

यह भी पढ़ेंः यूपी के 1.28 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफाः अब 5 लाख तक कैशलेस इलाज, साथ में 3 करोड़ तक का बीमा

संबंधित समाचार