रेलवे : हरदोई से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
हरदोई, अमृत विचार : रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बार फिर ट्रेनों की लेटलतीफी देखने को मिली। डाउन रेलवे लाइन पर लगातार चल रहे तकनीकी और रखरखाव संबंधी कार्यों का असर ट्रेनों के संचालन पर साफ दिखाई दिया। लखनऊ की ओर जाने वाली कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से स्टेशन पहुंचीं, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, अमृतसर से सहरसा जाने वाली 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस अपने तय समय शाम 4:51 बजे के बजाय करीब 2 घंटे 9 मिनट की देरी से हरदोई स्टेशन पहुंची। वहीं जम्मू- तवी से कोलकाता के लिए रवाना होने वाली 13152 सियालदह एक्सप्रेस भी निर्धारित समय दोपहर 2:16 बजे की बजाय 5 घंटे 7 मिनट विलंब से स्टेशन पहुंची, जिससे इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी तरह नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी अपने तय समय शाम 6:48 बजे के मुकाबले करीब 1 घंटा 2 मिनट देर से हरदोई पहुंची। इसके अलावा मेरठ सिटी से लखनऊ जंक्शन जाने वाली 22454 राज रानी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची।
बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को लंबे इंतजार के कारण झेलनी पड़ी परेशानी
ट्रेनों के लगातार विलंब से पहुंचने के कारण प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती रही। कई यात्री समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके, जबकि लखनऊ और उससे आगे जाने वाले लोगों को सबसे अधिक असुविधा हुई। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को लंबे इंतजार के कारण अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ी। रेल यात्रियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से डाउन ट्रैक पर चल रहे कार्यों के कारण ट्रेनों का समय लगातार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ रही है।
हालांकि रेलवे द्वारा ट्रैक कार्य को सुरक्षित और बेहतर रेल संचालन के लिए आवश्यक बताया जा रहा है, लेकिन बार-बार हो रही देरी से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों की वास्तविक स्थिति की समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोग अनावश्यक इंतजार से बच सकें और अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें।
यह भी पढ़ें : उन्नाव : उद्घाटन के 12वें दिन धंसा 4700 करोड़ का कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे
