Chitrakoot News: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई स्कूली बस, 10 बच्चे घायल; दो की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

चित्रकूट में स्कूली बस हादसा: पेड़ से टकराई बस, 10 बच्चे घायल; दो प्रयागराज रेफर

चित्रकूट में जीडीएनडी पब्लिक स्कूल की बस हाईवे पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 10 बच्चे घायल हुए, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूली बस हाईवे पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 10 बच्चे घायल हो गए, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है।

बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, मुख्यालय स्थित जीडीएनडी पब्लिक स्कूल की बस शनिवार को छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने निकली थी। ब्यूर गांव के बच्चों को छोड़ने के दौरान कालूपुर प्राथमिक विद्यालय के पास हाईवे पर चालक बनारसी प्रसाद बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को निजी अस्पताल और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

दो बच्चों को प्रयागराज किया गया रेफर

हादसे में घायल अवनीश (पुत्र हीरालाल) और प्रशांत (पुत्र जीवन राम) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया। हादसे में बस चालक बनारसी प्रसाद और परिचालक राजेंद्र भी घायल हुए हैं।

जिला अस्पताल में जुटे परिजन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में बच्चों के परिजनों की भीड़ लग गई। अपने बच्चों की जानकारी लेने पहुंचे अभिभावकों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें : 
Bahraich News: पुलिस लाइन में सम्मान के साथ विदा हुए 5 पुलिसकर्मी, शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

संबंधित समाचार