'धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जीत नहीं, सिर्फ शुरुआत'... आखिर समर्थकों से अभिजीत दीपके ने वीडियो में क्या कहा?
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अभिजीत दीपके ने वीडियो जारी कर आंदोलन को बड़ी उपलब्धि बताया, लेकिन इसे अंतिम मंजिल मानने से इनकार किया। उन्होंने 37 दिनों तक आंदोलन में शामिल रहे समर्थकों का आभार जताया और कहा कि संगठन का सफर अभी लंबा है।
नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने आंदोलन को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि यह किसी संघर्ष का अंत नहीं, बल्कि आगे की यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने समर्थकों, छात्रों और आलोचकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि संगठन को अभी कई लक्ष्य हासिल करने हैं।
वीडियो संदेश में दीपके ने कहा कि पिछले 37 दिन उनके और आंदोलन से जुड़े लोगों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहे। उन्होंने बताया कि इस दौरान वह टाइफाइड और तेज बुखार से भी जूझ रहे थे, जिसके कारण जंतर-मंतर पर मौजूद सभी लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि आंदोलन में लगातार डटे रहे सभी लोगों का वह दिल से आभार व्यक्त करते हैं।
https://twitter.com/Cockroachisback/status/2081207288975532204?s=20
'यह अंतिम मंजिल नहीं'
दीपके ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और सरकार द्वारा मांगों को स्वीकार किया जाना निश्चित रूप से महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इसे अंतिम लक्ष्य नहीं माना जाना चाहिए। उनके अनुसार, यह केवल शुरुआत है और सीजेपी को आगे भी अपने उद्देश्यों को लेकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि इस आंदोलन ने देशभर के युवाओं को एक साझा मंच पर जोड़ने का काम किया है और भविष्य में भी संगठन युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहेगा।
आंदोलन की पृष्ठभूमि
सीजेपी की शुरुआत मई महीने में एक व्यंग्यात्मक पहल के रूप में हुई थी, लेकिन कुछ ही समय बाद यह युवाओं के आंदोलन का रूप ले गई। बड़ी संख्या में समर्थक, जो खुद को 'कॉकरोच' कहते थे, जंतर-मंतर पहुंचे और नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे।
आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने धर्मेंद्र प्रधान को मामले के लिए जिम्मेदार बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। शनिवार को उनके इस्तीफे के बाद सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद सीजेपी ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
आलोचकों का भी जताया आभार
अभिजीत दीपके ने अपने संदेश में उन लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने आंदोलन और संगठन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि आलोचना से उन्हें अपनी कमियों को समझने और सुधार का अवसर मिला। उनके अनुसार, सकारात्मक सुझावों ने संगठन को अपने वादों पर खरा उतरने में मदद की।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं की है जिन्होंने लगातार साथ दिया। साथ ही उन्होंने दोहराया कि इस उपलब्धि के साथ संगठन की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं।
यह भी पढ़ेंः CJP ने खत्म किया जंतर-मंतर आंदोलन, सरकार से सहमति के बाद धरना समाप्त; तीनों मांगे हुईं स्वीकार
