Balrampur News: शराब के नशे में बेटे ने उठा लिया ऐसा कदम... मां को बचाने आए पिता की पीट-पीटकर कर दी हत्या
बलरामपुर के तुलसीपुर कस्बे में शराब के नशे में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मां की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तुलसीपुर/बलरामपुर अमृत विचारः मानवता को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात शनिवार को देर रात में तुलसीपुर कस्बे के लाल चौराहा, जरवा रोड पेट्रोल पंप के पीछे शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाल चौराहा निवासी कल्लू 60 वर्ष पुत्र राममिलन प्रतिदिन की तरह मजदूरी करके जब घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनका मझला बेटा पिंटू अपनी मां फूलमती 55 वर्ष को बेरहमी से पीट रहा था।
बुजुर्ग पिता कल्लू ने बीच-बचाव कर पत्नी को बचाने का प्रयास किया तो सिरफिरे बेटे पिंटू ने उन पर भी हमला बोल दिया और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उन्हें मरणासन्न कर दिया।
घटना के तुरंत बाद छोटे बेटे गोलू ने किसी तरह माता-पिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद कल्लू को मृत घोषित कर दिया।वहीं मां फूलमती की हालत अत्यंत चिंताजनक है। उनके एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर है और सिर पर गहरा घाव है। होश में आने पर वह लगातार अपने दिवंगत पति को याद कर रही हैं।
छोटे बेटे गोलू और अलग रह रहे मझले बेटे राजू सदमे में हैं। राजू ने बताया कि पिंटू की शराब की लत और आए दिन की मारपीट से तंग आकर ही वह परिवार से अलग रहने लगा था।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को रात में ही पकड़ लिया गया था और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः यूपी के 1.28 लाख शिक्षकों को बड़ा तोहफाः अब 5 लाख तक कैशलेस इलाज, साथ में 3 करोड़ तक का बीमा
