लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, चौथी मंजिल स्थित कैंटीन से उठीं लपटें
लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित जवाहर भवन में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित कैंटीन में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं और लपटें पूरे परिसर में फैल गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की एक टीम भी जवाहर भवन पहुंच गई है। सुरक्षा के मद्देनजर भवन के आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के प्रयास में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी के हताहत होने अथवा संपत्ति को हुए नुकसान के संबंध में भी अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान तथा आग लगने के कारणों का आकलन किया जाएगा।
कैंटीन में आग लगी
जवाहर भवन में उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के निदेशालय और कार्यालय संचालित होते हैं। इमारत की चौथी मंजिल पर स्थित कैंटीन में आग लगी, जिसे बुझाने के लिए दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सुबह कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों ने इमारत से धुआं उठता देखा, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब पौने दस बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद अग्निशमन दल की टीमें मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। एहतियात के तौर पर इमारत में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया है। जवाहर भवन में आम लोगों का प्रवेश बिना पास के प्रतिबंधित है।
जिलाधिकारी विशाख ने घटना की दी जानकारी
अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने संवाददाताओं को बताया कि जवाहर भवन में काम करने वाले कर्मचारियों ने जानकारी दी कि चौथी मंजिल पर आग लगी है। उन्होंने कहा, ''इस भवन और आस-पास के दूसरे भवनों को पूरी तरह खाली करा लिया गया है। अग्निशमन दल की टीम मौके पर मौजूद है और उन्होंने स्थिति को पूरी तरह काबू में कर लिया है।'' जिलाधिकारी ने कहा कि जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा। उन्होंने दावा किया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
