यूक्रेन में मालवाहक जहाज पर हमला : चार भारतीयों की मौत, एक गंभीर; भारत ने की कड़ी निंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

नई दिल्ली। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो (MV Golden Leo) पर हुए हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया और इस हमले की कड़ी निंदा की।

17 सदस्यीय चालक दल में पांच भारतीय थे

विदेश मंत्रालय के अनुसार, 19 जुलाई की शाम ओडेसा बंदरगाह से रवाना होते समय जहाज पर हमला हुआ। उस समय जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है।

भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में

विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित भारतीयों तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल भारतीय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

भारत ने हमले की निंदा की

भारत सरकार ने बयान जारी कर कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान जोखिम में डालना तथा समुद्री नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा पहुंचाना निंदनीय है और इससे हर हाल में बचा जाना चाहिए। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह हमला किस पक्ष द्वारा किया गया।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच हुई घटना

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध लगातार तेज होता जा रहा है और काला सागर क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ी हुई हैं।

संबंधित समाचार